जैवलिन थ्रो में भारत के नवदीप का सिल्वर मेडल गोल्ड में बदला, इस वजह से ईरानी खिलाड़ी डिसक्वालीफाई

पेरिस पैरालंपिक में शनिवार को पुरुषों की भाला फेंक (Javelin Throw) एफ41 फाइनल में ईरान के बेत सयाह सादेघ को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद भारत के नवदीप सिंह के सिल्वर मेडल को गोल्ड में बदल दिया गया.ये पुरुषों की भाला एफ41 श्रेणी में भारत का पहला स्वर्ण पदक है. इसी के साथ भारत के 7 गोल्ड मेडल के साथ कुल 29 पदक हो गए हैं.
नवदीप का पहला प्रयास फाउल रहा, लेकिन उन्होंने दूसरे प्रयास में 46.39 मीटर के थ्रो के साथ शानदार वापसी की. तीन साल पहले टोक्यो पैरालंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाले नवदीप के तीसरे थ्रो ने स्टेडियम को रोमांचित कर दिया.
पैरालंपिक रिकॉर्ड को तोड़ा
उन्होंने 47.32 मीटर के विशाल थ्रो के साथ पैरालंपिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया और बढ़त बना ली. सादेघ ने हालांकि अपने पांचवें प्रयास में भारतीय खिलाड़ी से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 47.64 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो किया. फाइनल की समाप्ति के कुछ समय बाद ईरान के खिलाड़ी को अयोग्य घोषित कर दिया गया, जिसके कारण नवदीप ने शीर्ष स्थान हासिल किया.
ईरानी खिलाड़ी को क्यों किया अयोग्य घोषित?
सयाह को बार-बार आपत्तिजनक झंडा प्रदर्शित करने के लिए अयोग्य घोषित किया गया. वह अपनी हरकतों से स्वर्ण पदक गवां बैठे. अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति के नियम एथलीटों को आयोजन में कोई भी राजनीतिक संकेत देने से रोकते हैं और सयाह को गैर-खेल/अनुचित आचरण के लिए अंतिम परिणामों से बाहर कर दिया गया था.
सिल्वर और ब्रॉन्ज किसको?
इस स्पर्धा का सिल्वर मेडल विश्व रिकॉर्ड धारक चीन के सन पेंगजियांग (44.72) के नाम रहा जबकि इराक के नुखाइलावी वाइल्डन (40.46) ने कांस्य पदक जीता. एफ41 श्रेणी छोटे कद के एथलीटों के लिए है. नवदीप ने इस स्वर्ण पदक के साथ टोक्यो खेलों में चौथे स्थान पर रहने की कसक को दूर की.
आयकर विभाग में निरीक्षक के पद पर हैं तैनात
आयकर विभाग में निरीक्षक के पद पर तैनात नवदीप ने 2017 में खेल में आने के बाद से राष्ट्रीय स्तर पर पांच बार पदक जीते हैं. उन्होंने इस साल की शुरुआत में पैरा-विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था. रजत पदक को स्वर्ण पदक में अपग्रेड किए जाने पर भारतीय दल के प्रमुख सत्य प्रकाश सांगवान ने कहा, ‘नवदीप का प्रदर्शन बहुत अच्छा था. हमें बहुत गर्व है.’
अंडरवियर में टिशू पेपर लगाकर क्यों खेले थे सचिन तेंदुलकर, वजह जानकर आप हो जाएंगे हैरान8
वहीं, भारतीय पैरालिंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने कहा, ‘नवदीप का प्रदर्शन अद्भुत था. हमने अब तक 7 स्वर्ण पदक जीते हैं. मैं सभी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूं. नवदीप का रजत पदक का स्वर्ण पदक में अपग्रेड होना हमारे लिए ऐतिहासिक क्षण था. उसने बहुत अच्छा खेला, थ्रो बहुत अच्छा था और आज उसने इतिहास रच दिया.’
