भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी नित्या श्री सिवान ने देश को एक और मेडल दिलाया

पेरिस में खेले जा रहे पैरालंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ी गजब की रौनक बिखेर रहे हैं और देश को मेडल पर मेडल दिला रहे हैं। भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी नित्या श्री सिवान ने देश को एक और मेडल दिलाया है।

उन्होंने विमंस सिंगल्स की एसएच6 कैटेगरी में सोमवार को ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

नित्या ने इंडोनेशिया की रिना मार्लिना को सीधे गेमों में मात देकर मेडल पर कब्जा किया। भारतीय खिलाड़ी ने महज 26 मिनट तक खेले गए मुकाबले में 21-14, 21-16 से जीत हासिल की। इस जीत से नित्या ने विमंस डबल्स में मार्लिना से मिली हार का बदला भी ले लिया।

शानदार रहा मैच

नित्या ने एसएच6 कैटेगरी में मेडल जीता है। इस कैटेगरी में छोटे कद के लोग खेलते हैं। नित्या ने शुरू से ही दमदार खेल दिखाया। उन्होंने 7-0 की बढ़त ले ली थी। इसके बाद मार्लिना ने स्कोर 10-10 से बराबर कर लिया। इसके बाद नित्या ने पांच अंक अपने नाम किए। पहला गेम नित्या ने 21-14 से जीता।

दूसरे गेम में भी नित्या ने अपना दबदबा जारी रखा। उन्होंने 3-2 से बढ़त ली। इस बढ़त को आगे ले जाते हुए उन्होंने 10-2 का स्कोर कर लिया। इस बार नित्या ने गेम पूरे अपने नियंत्रण में रखा। मार्लिना इस गेम में अंकों के लिए मशक्कत करती रहीं और फेल होती रहीं।

भारत के हिस्से 15 मेडल

भारत के हिस्से अभी तक इन खेलों में कुल 15 मेडल आ चुके हैं। इसमें से तीन गोल्ड, पांच सिल्वर और सात ब्रॉन्ज मेडल हैं। टीम इंडिया टोक्यो पैरालंपिक्स में मिले 19 मेडल की संख्या को पार करने की पूरी कोशिश करेगी।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]