बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के खिलाफ हुए आंदोलन में 1000 से ज्यादा लोग मारे गए जबकि इतने ही घायल

बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के खिलाफ हुए आंदोलन में 1000 से ज्यादा लोग मारे गए जबकि इतने ही घायल हुए हैं। पुलिस फायरिंग के चलते 400 से ज्यादा लोगों की आंख की रोशनी भी चली गई।
अंतरिम सरकार में स्वास्थ्य विभाग की प्रभारी मंत्री नूरजहां बेगम ने कई अस्पतालों का दौरा करने के बाद बताया कि आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में दर्जनों पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र ने बांग्लादेश में आंदोलन के दौरान 650 लोगों के मारे जाने की बात कही थी।
संसद की पूर्व स्पीकर शिरीन शर्मिन चौधरी और पूर्व वाणिज्य मंत्री टीपू मुंशी को एक आभूषण विक्रेता की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया। मुंशी को बुधवार देर रात उनके ढाका स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया।
इस बीच अंतरिम सरकार ने शेख हसीना सरकार में मंत्री रहे 14 नेताओं के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। हसीना का राजनयिक पासपोर्ट पहले ही रद्द किया जा चुका है। प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद वे देश छोड़कर चली गईं। वे फिलहाल भारत में रह रही हैं।
