भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने के बाद गुरुवार को पहली बार मैदान पर उतरेंगे। नीरज लुसाने डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे और अपना प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेंगे।माना जा रहा था कि नीरज ओलंपिक के बाद लंबे समय से ग्रोइन चोट के कारण परेशान होने की वजह से ब्रेक लेंगे, लेकिन उन्होंने डायमंड लीग के लुसाने चरण में हिस्सा लेने का फैसला किया जिसका फाइनल अगले महीने होना है।
सत्र के समाप्त होने पर सर्जरी को लेकर लेंगे फैसला
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज ने कहा था कि वह चोट की समस्या से उबरने की क्षमता रखते हैं। नीरज सत्र का समापन होने के बाद सर्जरी को लेकर कोई फैसला ले सकते हैं। डायमंड लीग का फाइनल 13 सितंबर को होना है। नीरज ओलंपिक में रजत जीतने से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। उन्हें पाकिस्तान के अरशद नदीम ने पीछे छोड़ा था जिन्होंने 92.97 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, जबकि नीरज 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत जीतने में सफल रहे थे।
लुसाने में बेहतर है नीरज का रिकॉर्ड
नीरज के पास लुसाने में हैट्रिक लगाने का मौका है। भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी का लुसाने में अच्छा रिकॉर्ड रहा है। नीरज ने 2023 में लुसाने डायमंड लीग 87.66 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ जीती थी, जबकि 2022 में वह 89.08 मीटर के थ्रो के साथ विजेता बने थे।
चौथे स्थान पर चल रहे हैं नीरज
नीरज 2022 में डायमंड लीग चैंपियन थे और पिछले साल अमेरिका के यूजीन में विनर-टेक-ऑल डायमंड लीग फाइनल में चेक गणराज्य के याकूब वाडलेच के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे। फाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए उन्हें डायमंड लीग मीटिंग सीरीज तालिका में शीर्ष छह में रहना होगा। पांच सितंबर को ज्यूरिख में एक और डायमंड लीग प्रतियोगिता होनी है जिसमें पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा भी शामिल है। 10 मई को दोहा डायमंड लीग में वाडलेच के बाद दूसरे स्थान पर रहने से वह सात अंक के साथ चौथे स्थान पर हैं।
आइए जानते हैं लुसाने डायमंड लीग के लाइव टेलीकास्ट से जुड़ी सारी जानकारी…
नीरज चोपड़ा का लुसाने डायमंड लीग में पुरुष भाला फेंक का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
नीरज चोपड़ा का लुसाने डायमंड लीग में पुरुष भाला फेंक का मुकाबला स्विट्जरलैंड के लुसाने के पोंटाएस ओलंपिक स्टेडियम में खेला जाएगा।
नीरज चोपड़ा का लुसाने डायमंड लीग में पुरुष भाला फेंक का मुकाबला कितने बजे से खेला जाएगा?
नीरज चोपड़ा का लुसाने डायमंड लीग में पुरुष भाला फेंक का मुकाबला भारतीय समयानुसार देर रात 12.12 बजे शुरू होगा।
