सुपौल के जदिया थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी

सुपौल के जदिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह 20 वर्षीय युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक युवक की पहचान भास्कर कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दो बाइक सवार चार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है.इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल हो गया है. मिली जानकारी के अनुसार घटना के वक्त जदिया थाने की पुलिस भी घटनास्थल के पास ही गश्ती कर रही थी. गोली की आवाज सुनते ही पुलिस भाग रहे बदमाशों का पीछा भी की. लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे.
सुबह-सुबह काम पर जा रहा था युवक
मृतक के परिजन के अनुसार सुबह साढ़े चार बजे भास्कर कुमार अपने काम पर जा रहा था. जदिया हाई स्कूल के पास दो बाइक सवार चार बदमाशों ने भास्कर के सिर में गोली मार दी जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. भास्कर जदिया वॉर्ड नंबर 6 निवासी सुबोध यादव का पुत्र है. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. वहीं, मौके पर पहुंचकर पुलिस माामले की जांच में जुट गई और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है.
