दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने दरियागंज इलाके से ISIS के आतंकी रिजवान को दबोचा
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने की तैयारियां चल रही हैं।

राजधानी दिल्ली में नेशनल लेवल के प्रोग्राम के लिए पुलिस हाई अलर्ट पर है। दिल्ली में सड़कों से लेकर एयरपोर्ट तक चप्पे-चप्पे पर सेना और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात है।हर आने जाने वाले की चेकिंग चल रही है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने एक आंतकी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने दरियागंज इलाके से ISIS के आतंकी रिजवान को दबोचा है। मुखबिर की सूचना पर रिजवान को दबोचा गया। उससे .30 बोर की पिस्टल, 3 कारतूस, 2 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। दिल्ली पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस बीच उसके बारे में कुछ खुलासे भी हुए हैं। वह ISIS मॉड्यूल का खतरनाक आतंकी बताया जा रहा है।
NIA काफी समय से तलाश रही थी रिजवान को
बता दें कि नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को काफी समय से आतंकी रिजवान की तलाश थी। उसे साल 2018 में पकड़ा गया था, लेकिन पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया गया था। इसके बाद से वह लगातार NIA और पुलिस को चकमा देता आ रहा था। उसे NIA ने अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया था ओर उसका सुराग देने वाले को 3 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा भी की थी।
रिजवान के खिलाफ NIA ने UAPA और एक्सप्लोसिव एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया हुआ है। वह IED एक्सपर्ट माना जाता है। उसके बनाए IED से कई जगहों पर आतंकियों ने धमाके किए हैं। दिल्ली में IED बनाने के कई ठिकानों का भी पर्दाफाश हो चुका है। रिजवान अपनी टीम के साथ मिलकर दिल्ली के यमुना बैंक में IED ब्लास्ट की टेस्टिंग कर चुका है। ओखला इलाके में और उत्तराखंड के हल्द्वानी में भी उसने IED ब्लास्ट किया था।
