बेकाबू कार स्लीपर बस से जा टकराई दोनों वाहन रोड से 20 फुट नीचे खाई में जा गिरे जिसमें सात लोगों की मौत

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर एक फिर सड़क हादसा हुआ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर थाना ऊसराहार क्षेत्र में किमी 129 के पास बेकाबू कार दूसरी ओर की रोड पर जाकर रायबरेली से आ रही स्लीपर बस से जा टकराई।दोनों वाहन रोड से 20 फुट नीचे खाई में जा गिरे जिसमें सात लोगों की मौत हो गई, 40 लोग घायल हुए। पुलिस फोर्स ने मानव चेन बनाकर घायलों को निकाला।
नागालैंड नंबर की स्लीपर बस रायबरेली से 60 यात्री लेकर दिल्ली जा रही थी, दूसरी ओर आगरा से लखनऊ की ओर जा रही कार उक्त स्थान पर अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर पार करके इस रोड पर आ गई। अचानक सामने आई कार को बचाने में बस ड्राइवर किनारे लेकिन कार टकराने से दोनों वाहन तेज धमाके के साथ सड़क किनारे करीब 20 फुट नीचे खाई में जा गिरे जिससे चीख पुकार मच गई। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर एसएसपी संजय वर्मा, एएसपी सत्यपाल सिंह, एसडीएम सदर राघव विक्रम, सीओ सैफई शैलेंद्र प्रताप गौतम व अन्य कई अधिकारी तथा आसपास के थानों का फोर्स मौके पर आ गया। फोर्स ने मानव चेन बनाकर कड़ी मशक्कत करके घायलों को निकाला, एम्बुलेंसों से सैफई मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर भिजवाया।
