राहुल गांधी ने केरल के वायनाड में भूस्खलन के कारण कई लोगों की मौत पर दुख जताया कहा केंद्र सरकार के मंत्रियों से भी बात करेंगे

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केरल के वायनाड में भूस्खलन के कारण कई लोगों की मौत पर मंगलवार को दुख जताया और राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से बात कर राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी एजेंसियों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने तथा एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का आग्रह किया।राहुल ने कहा कि वह हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार के मंत्रियों से भी बात करेंगे। राहुल ने पिछली लोकसभा में वायनाड का प्रतिनिधित्व किया था।
आंकड़े बता रहे हैं कि इस हादसे में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 70 से ज्यादा घायल हैं। खबर है कि अब तक 70 लोगों को पहाड़ी इलाके से बचाया गया है।
इस बार के लोकसभा चुनाव में भी वह रायबरेली के साथ वायनाड से निर्वाचित हुए थे, लेकिन उन्होंने इस क्षेत्र से इस्तीफा दे दिया। अब वायनाड से उपचुनाव में उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी। वायनाड जिले में मेप्पडी के पास भारी बारिश के कारण विभिन्न पहाड़ी इलाकों में मंगलवार तड़के भूस्खलन हुआ।
अधिकारियों ने सैकड़ों लोगों के भूस्खलन के मलबे में दबे होने की आशंका जताई है। 23 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। राहुल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘मैं वायनाड में मेप्पडी के पास हुए भूस्खलन से बहुत व्यथित हूं। मेरी हार्दिक संवेदना उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मुझे उम्मीद है कि जो लोग अभी भी फंसे हुए हैं, उन्हें जल्द ही सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘मैंने केरल के मुख्यमंत्री और वायनाड के जिला अधिकारी से बात की है, जिन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि बचाव अभियान जारी है। मैंने उनसे सभी एजेंसियों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने, एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और राहत प्रयासों के लिए आवश्यक किसी भी सहायता के बारे में हमें सूचित करने का अनुरोध किया है।’
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह केंद्रीय मंत्रियों से बात करेंगे और उनसे वायनाड को हर संभव सहायता प्रदान करने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं सभी UDF (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) कार्यकर्ताओं से बचाव और राहत कार्यों में प्रशासन की सहायता करने का आग्रह करता हूं।’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘वायनाड में भूस्खलन से बेहद दुखी हूं, जहां कथित तौर पर कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं राज्य और केंद्र सरकारों से सभी एजेंसियों के समन्वय से राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का आग्रह करता हूं।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरा प्रयास करना चाहिए। खरगे ने कार्यकर्ताओ का आह्वान किया, ‘त्रासदी के पीड़ितों की सहायता के लिए चिकित्साकर्मियों और एजेंसियों के साथ सहयोग एवं समन्वय करें।’
