मध्य प्रदेश के मुरैना में टैंकर की टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी हादसे में दो लोगों की मौत जबकि 10 लोग घायल

मध्य प्रदेशके मुरैना में टैंकर की टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। मौके पर एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। करीब 2 घंटे के बाद पुलिस जाम को खुलवाने की कोशिश कर रही है। मरने वालों में सिहौंनिया गांव के छोटू शर्मा व आशू शर्मा हैं। कावंड़िए सोरों से कावंड़ लाने गए थे और आज सोमवार को उन्हें अपने गांव के पास शिव मंदिर में कांवड़ चढ़ाना था।
बता दें कि मुरैना के सिंहौनिया क्षेत्र के खड़ियाहार के पास मौजूद गडिया गांव के 18 लोग सोरो कांवड़ भरने गए थे। वे वहां से जल भर कर लौट रहे थे। कुछ कांवड़िया पैदल थे और कुछ एक ट्रैक्टर ट्राली में सवार थे। मुरैना के देवरी गांव के पास ग्वालियर की तरफ से आ रहे एक टैंकर ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के कारण ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई जिससे उसमें बैठे 2 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मृतकों के शवों को पीएम हाउस भेज दिया गया है। जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
