साबरकांठा और अरावली जिलों में एक रहस्यमय वायरस का प्रकोप जिससे 4 बच्चों की मौत और 2 अन्य बच्चे गंभीर

गुजरात के साबरकांठा और अरावली जिलों में एक रहस्यमय वायरस का प्रकोप सामने आया है, जिससे 4 बच्चों की मौत हो चुकी है और 2 अन्य बच्चे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं.स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस वायरस को चांदीपुरा वायरस बताया है. आइए जानते हैं इस वायरस के लक्षणों के बारे में-
चांदीपुरा वायरस रैबडोविरिडे परिवार का एक वायरस है, जो मच्छरों, मक्खियों और सैंडफ्लाई जैसे वेक्टर के माध्यम से फैलता है. इस वायरस की पहचान सबसे पहले 1965 में महाराष्ट्र में हुई थी. इसे देश में इंसेफेलाइटिस बीमारी के कई अलग-अलग प्रकोपों से जोड़ा गया है. इसके अलावा साल 2003 में आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में इसका प्रभाव देखा गया था, जिसके चलते 329 प्रभावित बच्चों में से 183 बच्चों की मौत हो गई थी. साल 2004 में गुजरात में भी इसके मामले देखे गए थे.
इस वायरस के लक्षण क्या हैं?
चांदीपुरा वायरस के लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, उल्टी, दस्त, मांसपेशियों में दर्द और कमजोरी शामिल हैं. गंभीर मामलों में, यह वायरस मस्तिष्क में सूजन (एन्सेफलाइटिस) पैदा कर सकता है, जो जानलेवा हो सकता है.
