आंध्र प्रदेश: प्रेमिका ने शादी से किया इनकार तो प्रेमी ने प्रेमिका की कर दी हत्या

आध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में बीते शनिवार को एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या कर दी गई थी. जिसका आरोप कथित तौर पर उसके प्रेमी सुरेश पर लगा था. मामले में पुलिस शनिवार से ही उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन गुरुवार को एक गांव में वह मृत पाया गया.पुलिस संदेह जता रही है कि उसने जहर खाकर जान दे दी. फिलहाल पुलिस अन्य सभी एंगल से भी इस मामले की जांच कर रही है.
अनकापल्ली जिले के पुलिस अधीक्षक के.वी. मुरली कृष्ण ने बताया कि सुरेश का शव केजी पालम गांव में सुबह करीब 7 बजे मिला. कृष्ण ने पीटीआई से कहा, “सुरेश का शव उस जगह से महज 700 मीटर की दूरी पर मिला, जहां उसने नाबालिग लड़की की हत्या की थी. ऐसे में हमें संदेह है कि उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली.”
नाबालिग लड़की से सुरेश करता था बेपनाह प्यार
सूत्रों के अनुसार, सुरेश लड़की से बेपनाह प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था. साथ ही उसने लड़की से यह भी वादा किया था कि वह उसके बालिग होने तक इंतजार करेगा, लेकिन लड़की के परिवार ने प्रस्ताव ठुकरा दिया था.
लड़की के परिवार ने अप्रैल में दर्ज कराई थी शिकायत
लड़की के परिवार ने अप्रैल में सुरेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद उसके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे रिमांड पर लिया गया था. हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया.
केस के बाद से ही लड़की से रखता था रंजिश
केस के बाद से ही वह लड़की के खिलाफ रंजिश रखता था.क्योंकि लड़की के बयान के आधार पर ही उसे जेल में डाला गया था. साथ ही लड़की ने शादी से भी उससे इनकार कर दिया था.
