लॉरेंस बिश्नोई सलमान खान को शूटिंग के दौरान सेट पर मारने की योजना में था 25 लाख सुपारी में हुई थी डील

बीते कुछ वक्त पहले सलमान खान के घर के बाहर दो लोगों ने फायरिंग की थी. जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई थी. अब इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है.पनवेल पुलिस ने चार्जशीट फाइल की है, जिसमें खुलासा हुआ है कि लॉरेंस बिश्नोई सलमान खान को सिद्दू मूसेवाला की तरह मारना चाहता था. वह सलमान खान को फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर मारने की योजना बना रहा था. उसने इसके लिए 25 लाख की सुपारी दी थी.
पाकिस्तान से मंगाए जा रहे थे हथियार
सलमान खान के घर पर फायरिंग केस के मामले में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के पांच गुर्गों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. जिसमें लिखा है कि आरोपी पाकिस्तान से एके-47 राइफल, एके-92 राइफल और एम-16 राइफल खरीदने की तैयारी में थे. इसके अलावा उन्होंने जिगाना पिस्तौल भी ऑर्डर की थी, इसी से सिद्धू मूसेवाला की हत्या की गई थी.
- पुलिस ने चार्जशीट में बताया कि सलमान खान को मारने की प्लानिंग अगस्त 2023 और अप्रैल 2024 के बीच रची गई थी.
- पुलिस ने यह भी बताया कि करीब 60 से 70 लोग सलमान खान की हर मूवमेंट की खबर रख रहे थे.
- यह सभी सलमान खान के मुंबई के घर, पनवेल का फार्म हाउस और गोरेगांव के फिल्म सिटी पर सलमान खान की हर मूवमेंट की खबर रख रहे थे.
- सलमान खान की हत्या करने के लिए आरोपियों ने 18 साल से कम उम्र के लड़कों को हायर किया था, सारे शूटर गोल्डी बराड़ और अनमोल बिश्नोई के ऑर्डर का इंतजार कर रहे थे.
- ये सभी शूटर पुणे, रायगढ़, नवी मुंबई, ठाणे और गुजरात में छिपे हैं.
14 अप्रैल को हुई थी फायरिंग
बता दें कि बीते 14 अप्रैल को सलमान खान के मुंबई स्थित बांद्रा के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर शूटरों ने सुबह पांच बजे पांच राउंड फायरिंग की थी. इस घटना के वक्त सलमान खान अपने घर में ही थे. इसके बाद से उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
