आपने कहा था ‘डरो मत’ और अब कह रहे हैं ‘अमेठी से लड़ो मत’, अमेठी से नहीं लड़ने पर BJP का राहुल पर वार

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का रायबरेली सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया गया है. जिसके बाद रायबरेली सीट से राहुल की उम्मीदवारी पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, राहुल जी, आपने कहा था ‘डरो मत’ और अब कह रहे हैं ‘अमेठी से लड़ो मत’.पूनावाला ने कहा कांग्रेस ने पुष्टि कर दी है कि उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है और अमेठी से भाग गए हैं. इतने सालों तक अमेठी को धोखा देने के बाद, वे वायनाड गए. वे वायनाड को भी धोखा दे रहे हैं. वे वायनाड के साथ ‘इस्तेमाल करो और फेंक दो’ कर रहे हैं. उन्हें लगता है कि यह सुरक्षित सीट है.
UP में बीजेपी 80/80
उत्तर प्रदेश में बीजेपी के लिए 80/80 और पूरे देश में एनडीए के लिए 400+ का स्कोरकार्ड होगा. केएल शर्मा की पहली अनमोल प्रतिक्रिया सब कुछ बताती है उसने बहुत कोशिश की लेकिन मौका नहीं मिला.
इस बार वायनाड में भी जमीन खिसक गई
राहुल की रायबरेली से उम्मीदवारी पर मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार वीडी शर्मा ने कहा, इस बार वायनाड में भी जमीन खिसक गई है, इसलिए वह (राहुल गांधी) वहां से भागने की तैयारी कर रहे हैं रायबरेली में जमीन तलाश रहे हैं. लेकिन रायबरेली की जमीन पहले ही खिसक चुकी है, इसलिए इस बार राहुल गांधी की हार तय है.
वायनाड में हार निश्चित
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, पहले राहुल गांधी अमेठी से भाग गए और वायनाड में रुक गए. अब यह जानते हुए कि वायनाड में उनकी हार निश्चित है, वह रायबरेली आ रहे हैं. वायनाड के लोग जानते हैं. बहुत अच्छी बात है कि ये वो लोग हैं जो जनहित के बजाय अपने निजी हितों के लिए राजनीति करते हैं. इसलिए रायबरेली की जनता राहुल गांधी को वापस भेजने के लिए तैयार है.
