इंडोनेशिया का माउंट रुआंग ज्वालामुखी दो सप्ताह के भीतर दूसरी बार फटा

इंडोनेशिया का माउंट रुआंग ज्वालामुखी दो सप्ताह के भीतर दूसरी बार मंगलवार को फिर से फट गया। ज्वालामुखी में हुए विस्फोट की वजह से करीब दो किलोमीटर दूर तक आसमान में गुबार फैल गया।हवा में फैले गुबार की वजह से एक हवाई अड्डे को बंद करना पड़ा। ज्वालामुखी फटने की वजह से उसका मलबा आसपास के गांवों में फैल गया। फिलहाल लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है और अधिकारी ज्वालामुखी पर नजर बनाए हुए हैं।
जारी की गई थी चेतावनी
इंडोनेशिया जियोलॉजिकल सर्विस से जुड़े अधिकारियों ने ज्वालामुखी फटने का संकेत मिलने के बाद सुलावेसी द्वीप पर चेतावनी जारी की थी। अधिकारियों ने आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों और पर्वतारोहियों से ज्वालामुखी से कम से कम छह किलोमीटर दूर रहने का आग्रह किया था। उत्तरी सुलावेसी प्रांत में 725 मीटर (2,378 फुट) ऊंचा ज्वालामुखी प्रांत की राजधानी मानादो में सैम रतुलंगी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 95 किलोमीटर उत्तर पूर्व में स्थित है।
