तिहाड़ में आज भगवंत मान और संजय सिंह से नहीं होगी केजरीवाल की मुलाकात

तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की मुलाकात नहीं हो पाएगी। जेल अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों और नियमों का हवाला देते हुए यह मुलाकात फिलहाल कैंसिल कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि मैनुअल के हिसाब से जेल को प्रशासन चलाता है। जल्द ही जेल प्रशासन मुलाकात के लिए नया टाइम बताएगा। दोनों नेताओं को आज तिहाड़ में बंद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल से मुलाकात करनी थी। मान ने कुछ दिन पहले तिहाड़ जेल प्रशासन से केजरीवाल से मुलाकात का समय मांगा था। केजरीवाल को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था।
पत्नी- सचिव ने मुलाकात की
दिल्ली सीएम से मंगलवार को पत्नी सुनीता केजरीवाल और उनके निजी सचिव बिभव कुमार ने तिहाड़ जेल में मुलाकात की थी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, एक अप्रैल के बाद से यह केजरीवाल के साथ उनकी पहली व्यक्तिगत मुलाकात थी। जेल नियमों के अनुसार, एक कैदी हफ्ते में दो बार आगंतुकों से आमने-सामने या वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मिल सकता है। उन्हें बैठक से पहले ऐसे आगंतुकों के नाम बताने होते हैं। एक सूत्र ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और उनके निजी सचिव बिभव कुमार मंगलवार दोपहर को तिहाड़ जेल के ‘मुलाकात जंगला’ में उनसे मिले। जेल प्रशासन ने उन्हें आधे घंटे के लिए मुलाकात की अनुमति दी।’
क्या है मुलाकात जंगला
‘मुलाकात जंगला’ एक लोहे की जाली है जो जेल के अंदर एक कमरे में होती है, जहां कैदी और आगंतुक जाली के दोनों तरफ खड़े होकर एक-दूसरे से मुलाकात करते हैं। पंजाब के सीएम और आप सांसद भी आज इसी जंगले के जरिए सीएम से मुलाकात करते। इस मुलाकात की अनुमति पंजाब सीएम ने कुछ दिनों पहले मांगी थी। तब तिहाड़ जेल प्रशासन ने कहा था कि मान एक सामान्य व्यक्ति के तौर पर मुलाकात जंगला में ही केजरीवाल से मिल सकते हैं। इस मुलाकात के लिए कोई खास इंतजाम नहीं किए जाएंगे।
