मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी ने जनाजा उठने से पहले पिता की मूछों पर दिया ताव

माफिया मुख्तार अंसारी के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है. मुख्तार अंसारी के शव को गाजीपुर जिले में उसके पैतृक घर युसूफपुर, मोहम्मदाबाद के करीब कालीबाग कब्रिस्तान में दफनाया गया.मुख्तार अंसारी के जनाजे में भारी संख्या में लोग आए. शनिवार की सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था. हालांकि, फिर धीरे-धीरे लोगों की संख्या बढ़ती गई. जिन्हें कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने हल्का बल भी इस्तेमाल किया. इस बीच खबर है कि अपनी मूछों से पहचाने जाने वाले माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी ने जनाजा उठने से पहले पिता की मूछों पर ताव दिया.
मुख्तार अंसारी की मूंछों पर बेटे ने दिया ताव
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें बेटा अपने पिता मुख्तार अंसारी की मूछों को ताव देता दिख रहा है. नम आंखों से उमर अंसारी ने अपने पिता की मूंछों को आखिरी बार ताव दिया. मुख्तार का यह बेटा पोस्टमॉर्टम के वक्त भी मौके पर मौजूद था.
जनाजे में शामिल हुए मुख्तार की फैमिली के लोग
डीआईजी डॉक्टर ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि मुख्तार अंसारी का जनाजा शांति से हो गया है. मुख्तार अंसारी के परिजनों से लगातार बातचीत करके यह कार्रवाई पूरी की गई है. जनाजे के दौरान ग्रुप में लोग आते रहे. कब्रिस्तान में मुख्तार अंसारी की फैमिली के 50 लोगों के आने की अनुमति थी.
उमर अंसारी की भीड़ से अपील
गौरतलब है कि कुछ खास लोगों को ही मुख्तार अंसारी को मिट्टी देने में शामिल किया गया. ज्यादातर लोग कब्रिस्तान के बाहर जुटे थे. लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी ने खुद माइक ले लिया. उसने लोगों से पीछे हटने की अपील की, साथ ही लोगों को शांति बनाने की भी अपील की.
कब्र में दफन हुआ मुख्तार अंसारी
भारी पुलिस फोर्स और लोगों के हुजूम के बीच मुख्तार अंसारी को कब्र में दफन कर दिया गया. जनाजे के वक्त मौके पर मुख्तार अंसारी के बड़े भाई अफजाल अंसारी, पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी, भतीजे और मुहम्मदाबाद विधायक सुहेब अंसारी और बेटे उमर अंसारी समेत तमाम परिवार वाले मौजूद रहे.
