महाराष्ट्र के मंत्री दिलीप वाल्से पाटिल अपने घर में गिरने के बाद घायल

महाराष्ट्र के मंत्री दिलीप वाल्से पाटिल ने गुरुवार को कहा कि वह अपने घर में गिरने के बाद घायल हो गए. उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार रात अपने घर पर फिसलने के बाद मेरी बायीं जांघ की हड्डी टूट गई और मेरी दाहिनी कलाई की हड्डी टूट गई. हालत स्थिर है.डॉक्टरों की सलाह के बाद जल्द ही सर्जरी की जाएगी.
दिलीप वाल्से पाटिल ने बताया कि हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज अडकर और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सदानंद राव ने मुझे आने वाले दिनों में आराम करने की सलाह दी है. वरिष्ठ एनसीपी नेता ने कहा कि मैं जल्द ही उनकी देखरेख में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हो जाऊंगा.
चुनाव के दौरान दिलीप वाल्से के घायल होने से बढ़ी चिंता
बता दें कि महाविकास अघाड़ी सरकार के दौरान दिलीप वाल्से पाटिल प्रदेश के गृह मंत्री भी थे. पुणे जिले में उनकी पकड़ मानी जाती है. वे अंबेगांव विधानसभा सीट से 6 बार विधायक चुने जा चुके हैं. अब लोकसभा चुनाव के बीच दिलीप वाल्से पाटिल के घायल हो जाने से पार्टी में चिंता का माहौल है. पार्टी नेता कार्यकर्ता उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं. दिलीप वाल्से पाटिल पर शिरूर लोकसभा सीट की बड़ी जिम्मेदारी है.
