हैदराबाद के खिलाफ गरजा आंद्रे रसेल का बल्ला, आतिशी अंदाज में जड़े 64 रन

आईपीएल 2024 में शनिवार कोलकाता के इडेन गार्डन्स में आंद्रे रसेल के बल्ले का ऐसा तूफान आया सनराइजर्स हैदराबाद के गेदबाजों के हाल बेहाल हो गए। मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने केकेआर को शुरुआती ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी करके बैकफुट में धकेल दिया था।रमनदीप सिंह और फिल साल्ट ने पांचवें विकेट के लिए आतिशी अर्धशतकीय साझेदारी करके केकेआर की वापसी कराई। लेकिन इसके बाद आंद्रे रसेल ने अपनी आतिशी पारी से हैदराबाद की गेंदबाजी का इंजन फेल कर दिया।
रिंकू के साथ की 33 गेंद में 81 रन की साझेदारी
आंद्रे रसेल जब बल्लेबाजी करने उतरे तब कोलकाता का स्कोर 13.5 ओवर में 119/6 रन था। एक छोर रिंकू सिंह संभाले हुए थे। ऐसे में रसेल ने आव देखा ना ताव उन्होंने हैदराबाद के गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने शुरू कर दिए। रसेल ने देखते देखते 20 गेंद में 2 चौके और 6 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने रिंकू सिंह के साथ सातवें विकेट के लिए 33 गेंद में 81 रन की साझेदारी की। रसेल जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे उसके सामने रिंकू की पारी बिलकुल फीकी नजर आ रही थी।
256 के स्ट्राइक रेट से रसेल ने बनाए रन
रसेल ने 256 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंद में नाबाद 64 रन बनाए और केकेआर को 20 ओवर में 7 विकेट पर 208 रन तक पहुंचा दिया। अपनी आतिशी अर्धशतकीय पारी के दौरान रसेल ने 3 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े। यह रसेल के आईपीएल करियर का 11वां अर्धशतक है।
