‘डबल इंजन सरकार जंगलराज की गारंटी है’, रामपुर की घटना का जिक्र कर राहुल गांधी ने योगी सरकार पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और मोदी मीडिया मिल कर कैसे ‘झूठ का कारोबार’ कर रहे हैं, उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था उसका सबसे बड़ा उदाहरण है. कहीं पेड़ से लटके नाबालिग बहनों के शव, तो कहीं इंटों से कुचल कर हत्या की वारदात.कहीं भाजपाइयों द्वारा IIT-BHU कैंपस में गैंग रेप का दुस्साहस, तो कहीं न्याय न मिलने पर आत्महत्या को मजबूर महिला जज. ये उस प्रदेश का हाल है जिसकी कानून व्यवस्था का गुणगान करते मोदी मीडिया थकता नहीं है. हाल ही में रामपुर में अंबेडकर स्मारक की मांग पर 10वीं की परीक्षा देकर लौटते दलित छात्र की हत्या यूपी की जर्जर कानून व्यवस्था का सबसे वीभत्स उदाहरण है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपाई तंत्र और अपराधियों के इस गठबंधन के खिलाफ आज हर ज़िले, हर तहसील में विरोध प्रदर्शन कर न्याय की आवाज़ बुलंद करेंगे. मोदी मीडिया द्वारा गढ़ी गई झूठी छवि से बाहर निकल कर अब सच्चाई देखने का वक्त है, डबल इंजन सरकार ‘जंगलराज की गारंटी’ है.
