दिल्ली में इस बार फरवरी में सबसे ज्यादा बारिश, IMD ने जारी किए आंकड़े

राष्ट्रीय राजधानी में इस साल फरवरी में 2014 के बाद सबसे ज्यादा बारिश हुई है। इस महीने अब तक 32.5 मिमी बारिश हुई है। इससे पहले 2014 के फरवरी माह में 48.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों से मिली है।
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने अब तक 32.5 मिमी बारिश हुई है। इससे पहले 2014 के फरवरी माह में 48.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग में क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले साल फरवरी में गर्मी थी, लेकिन 2023 से पहले के वर्षों में फरवरी में ठीक-ठाक ठंड रही थी।
उन्होंने कहा कि फरवरी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सर्द हवाओं के चलने से ठंड महसूस होती है और अगले महीने के शुरुआती हफ्ते तक मौसम की मौजूदा स्थिति बनी रहेगी। श्रीवास्तव ने कहा कि इसे जलवायु परिवर्तन का असर कहना ठीक नहीं है, क्योंकि हर साल मौसम की स्थिति बदलती है जैसे गत वर्ष फरवरी में गर्मी थी लेकिन मार्च, अप्रैल और मई में मौसम सुहाना रहा था।
