भारत में सीरीज हारने के बाद क्या अब बैजबॉल छोड़ देगा इंग्लैंड! कोच ब्रैंडन मैकुलम ने दिया जवाब

इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर पहले 4 टेस्ट मैच बाद 3-1 से पिछड़कर सीरीज गंवा बैठी है. अभी सीरीज का 5वां और आखिरी टेस्ट बाकी है. ऐसे में सवाल है कि क्या इंग्लैंड की टीम अब भी टेस्ट क्रिकेट में अपनी नई रणनीति बैजबॉल पर टिकी रहेगी.आक्रामक अंदाज में टेस्ट क्रिकेट खेलने की इस नई परंपरा से इंग्लैंड की टीम ने भले एशेज सीरीज को 2-2 से बराबर रखा हो या फिर भारत के खिलाफ यह सीरीज गंवाई हो.

ऐसे में सवाल है कि क्या इंग्लैंड टीम बैजबॉल पर बनी रहेगी. कोच ब्रैंडन मैकुलम ( Brendon McCullum) ने इसका जवाब दिया है उन्होंने कहा कि यह टीम 18 महीनों में एक बेहतर टीम बनी है और भविष्य में और भी अच्छा करेगी. बता दें साल 2022 में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मैकुलम को अपना नया टेस्ट कोच बनाया था और इस बीच तत्कालीन कप्तान जो रूट (Joe Root) के कप्तानी से इस्तीफे के बाद बेन स्टोक्स (Ben Stokes) को टीम की कमान सौंपी गई.

यही इंग्लैंड क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत माना गया, जिसे मीडिया द्वारा बैजबॉल नाम दिया गया है. इस नए कोच और नए कप्तान की जोड़ी में इंग्लैंड ने 18 मैच खेले हैं, जिनमें 13 में उसे जीत और 4 में हार और 1 ड्रॉ का सामना करना पड़ा है.

रांची टेस्ट में इंग्लैंड की हार के बाद इंग्लिश मीडिया से बात करते हुए मैकुलम ने कहा, ‘इस खेल में ऐसे मौके थे, जहां हमने कोई बहुत गलतियां नहीं की. हम यहां हार गए, हम एशेज (2-2) नहीं जीते लेकिन फिर भी हम उससे एक बेहतर टीम हैं, जो 18 महीने पहले थे और हमें अगले 18 महीनों में भी कुछ खास करने का मौका मिलेगा.’

उन्होंने कहा, ‘हम आने वाली कुछ मुश्किलों में इसी तरह अपनी छैनी लगाते रहेंगे. इंग्लैंड टीम का कोच बनने के लिए यह कोई बुरा समय नहीं है.’

बता दें इंग्लैंड की टीम अपनी इस नई बैजबॉल रणनीति से भारत आने से पहले कमाल का प्रदर्शन कर रही थी और लाल गेंद के फॉर्मेट में अपना एक अलग प्रभाव छोड़ रही थी. भारत दौरे पर भी उसने पहले ही टेस्ट मैच में बैकफुट पर आने के बाद जोरदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की थी. लेकिन इसके बाद अगले 3 मैचों में वह लगातार 3 बार हारकर सीरीज गंवा बैठी है.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]