महाराष्ट्र में मिलिंद देवड़ा और प्रफुल्ल पटेल सहित BJP-कांग्रेस उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

राज्यसभा चुनाव के लिए आज (15 फरवरी) नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है. महाराष्ट्र से एकनाथ शिंदे की पार्टी के प्रत्याशी मिलिंद देवड़ा, अजित पवार की पार्टी एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल, बीजेपी प्रत्याशी अशोक चव्हाण, और मेधा कुलकर्णी ने नामांकन दाखिल किया.इनके अलावा कांग्रेस के प्रत्याशी चंद्रकांत हंडोरे ने भी नामांकन दाखिल किया है. प्रफुल्ल पटेल ने जब नामांकन दाखिल किया, उस वक्त डिप्टी सीएम अजित पवार, एनसीपी नेता सुनील तटकरे, मंत्री छगन भुजभल और धनंजय मुंडे भी विधानभवन परिसर में मौजूद थे. नामांकन दाखिल करने के बाद प्रफुल्ल पटेल ने पत्रकारों से बात की और कहा कि यह पार्टी की रणनीति का हिस्सा है और आने वाले दिनों में स्थिति साफ हो जाएगी. वहीं, कांग्रेस नेता चंद्रकांत हंडोरे ने भी गुरुवार को नामांकन दाखिल किया. वह दलित नेता है और मुंबई के मेयर रह चुके हैं. उनके साथ महाविकास अघाड़ी नेता मौजूद थे. जबकि मिलिंद देवड़ा के नामांकन दाखिल करने के दौरान खुद सीएम एकनाथ शिंदे मौजूद थे.
