जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तन के खिलाफ मैदान पर उतरेगी

जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को पाकिस्तन के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। पुराने इतिहास और मौजूगा हालात को देखते हुए ये मैच काफी अहम है और भारत हर हाल में इसमें जीत चाहेगा।
मैच में सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर होंगी।
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ऐसी है कि अच्छे से अच्छा गेंदबाज उनसे खौफ खाता है। अगर उनका बल्ला चल गया तो फिर गेंदबाजों की खैर नहीं। पाकिस्तान यही दुआ कर रहा है होगा कि वैभव जल्दी आउट हो जाएं, लेकिन भारत की चाहत होगी कि बाएं हाथ का ये बल्लेबाज तूफानी पारी खेले।
सता रहा है डर
वैभव से उम्मीद के बीच एक डर भी सता रहा है। ये डर है फेल होने का। वैभव का इतिहास रहा है कि वह बड़े मैचों, बड़ी टीमों में अधिकतर मौकों पर फेल रहे हैं। अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने यूएई के खिलाफ तो तूफानी पारी खेली थी, लेकिन श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ फेल रहे थे। पाकिस्तन के खिलाफ भी उनका बल्ला नहीं चला था। उस मैच में वह सिर्फ पांच रन बनाने में सफल रहे थे।
इस समय खेले जा रहे वर्ल्ड कप में भी वैभव न्यूजीलैंड जैसी बड़ी टीम के खिलाफ फेल रहे हैं। ऐसे में सभी के मन में यही डर है कि कहीं वैभव इस मैच में भी फेल न हो जाएं। अगर ऐसा हुआ तो भारतीय उम्मीदों को बड़ा झटका लगेगा।
भविष्य के सितारे माने जा रहे हैं वैभव
वैभव ने आईपीएल से लेकर अंडर-19 के साथ कई मैचों के अलावा घरेलू क्रिकेट में जिस तरह की बल्लेबाजी की उसने इस बल्लेबाज से काफी उम्मीदें जगा दी हैं। लेकिन बड़े मैचों और बड़ी टीमों के खिलाफ अगर वह लगातार फेल होते रहे तो फिर सीनियर टीम इंडिया के लिए खेलने का सपना अधूरा रह सकता है।
