ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो को शनिवार को गिरफ्तार किया गया

ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। कुछ माह पहले ही बोल्सोनारो को 2022 के चुनावों में मिली करारी हार के बावजूद पद पर बने रहने के लिए तख्तापलट की कोशिशों का जिम्मेदार मानते हुए 27 साल और तीन माह की सजा सुनाई गई थी।
हालांकि, बोल्सोनारो ने आरोपों को सिरे से नकार दिया था।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, बोल्सोनारो को राजधानी ब्रासीलिया में पुलिस हेडक्वार्टर ले जाया गया है। पुलिस ने एक संक्षिप्त बयान जारी कर बताया कि ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट के कहने पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, पुलिस और सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
कब हुई गिरफ्तारी
बोल्सोनारो के एक सहयोगी एंड्रीली सिरिनो ने एपी को बताया कि पूर्व राष्ट्रपति की गिरफ्तारी शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुई। उन्होंने बताया कि 70 वर्षीय बोल्सोनारो को पॉश जार्डिम बोटानिको इलाके में स्थित आवास से पुलिस हेडक्वार्टर ले जाया गया।
