Stree 2 की धुआंधार कमाई के बीच मेकर्स ने दर्शकों को दिया सबसे बड़ा तोहफा

साल 2024 में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘स्त्री 2’ लोगों को काफी पसंद आ रही है. 15 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया.

इसने भारत में 539.35 करोड़ रुपये की कमाई की है. ऐसे में फिल्म ने पठान (513 करोड़ रुपये) और गदर 2 (515 करोड़ रुपये) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. लोग इसके हर किरदार पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं. फैंस का प्यार देखते हुए मेकर्स ने भी फिल्म की टिकट खरीदने पर शानदार ऑफर दिया है. मेकर्स ने शुक्रवार 13 सितंबर को उन लोगों के लिए एक खरीदें एक पाएं (BOGO) फ्री ऑफर की घोषणा की है जो अभी तक सिनेमाघरों में फिल्म नहीं देख पाए हैं।

उन्होंने पोस्ट कर जानकारी दी कि जो लोग 13 सितंबर को फिल्म देखने जाएंगे उन्हें एक टिकट पर एक टिकट फ्री मिलेगा. मैडॉक फिल्म्स के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया गया है जिसमें फिल्म के इस खास ऑफर के बारे में बताया गया है. इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, ‘शुक्रवार को सभी फैन्स के लिए, ऐसा ऑफर आपको फिर नहीं मिलेगा, इसलिए अपना टिकट बुक कर लें।’ कैप्शन में आगे लिखा है, “आप BookMyShow पर STREE2 कोड लगाकर यह ऑफर पा सकते हैं। सीमित टिकट हैं। इसलिए जल्दी से अपना टिकट बुक कर लें। शुक्रवार को थिएटर बुला रहा है… एक टिकट पर एक टिकट फ्री… अकेले मत आइए।

फिल्म बनने में नहीं लगेंगे छह साल
हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘स्त्री 2’ में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी भी शामिल हैं। इसमें तमन्ना भाटिया, वरुण धवन और अक्षय कुमार ने कैमियो किया है। फिल्म का पहला पार्ट 2018 में आया था, जिसे लोगों ने खूब पसंद भी किया था। फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 129.83 करोड़ रुपये रहा था। ‘स्त्री 2’ अपने पहले पार्ट के छह साल बाद आई है। हालांकि मेकर्स ने संकेत दिए हैं कि इसका तीसरा पार्ट जल्द ही आएगा और इसमें ऐसे 6 साल नहीं लगेंगे।

मैडॉक सुपरनैचुरल यूनिवर्स की चौथी फिल्म
यह फिल्म मैडॉक सुपरनैचुरल यूनिवर्स का हिस्सा है। यह यूनिवर्स की चौथी फिल्म है। यूनिवर्स की पहली फिल्म स्त्री थी। फिर भेड़िया आई। फिर शर्वरी वाघ की मुंज्या आई और अब स्त्री 2। पहले पार्ट की तरह एक बार फिर फिल्म में चंदेरी गांव की कहानी दिखाई गई है। पहले पार्ट में गांव में ‘स्त्री’ का आतंक है, जो पुरुषों का अपहरण करती है, लेकिन इस बार मामला बिल्कुल उल्टा है। जिस गांव में कल तक लोग स्त्री से डरते थे, वहां अब दीवारों पर लिखा है, ‘ओ ‘स्त्री’ रक्षा कर्ण’। गांव में सरकटा का आतंक है, जो महिलाओं को गायब कर देता है। गांव में सबकुछ ठीक चल रहा होता है कि अचानक एक दिन सरकटा बिट्टू (अपारशक्ति खुराना) की गर्लफ्रेंड चिट्टी का अपहरण कर लेता है। इस घटना के बाद गांव वालों को सरकटा के बारे में पता चल जाता है। ऐसे में ‘स्त्री’ गांव से अगवा की गई लड़कियों को सरकटा के चंगुल से कैसे बचाती है? इसके लिए आपको फिल्म देखनी पड़ेगी। फिल्म में वीएफएक्स का बहुत अच्छा इस्तेमाल किया गया है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]