अंतिम पंघाल महिलाओं की फ्रीस्टाइल 53 किग्रा स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 में तुर्कीये की जेनेप येटगिल के खिलाफ अपना पहला मुकाबला हार गईं

अंतिम पंघाल महिलाओं की फ्रीस्टाइल 53 किग्रा स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 में तुर्कीये की जेनेप येटगिल के खिलाफ अपना पहला मुकाबला हार गईं। 0-10 के फाइनल स्कोर से हार के बावजूद, पंघाल का पेरिस 2024 में अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है।अगर येटगिल फाइनल में पहुंच जाती हैं, तो उनके पास रेपेचेज राउंड में प्रतिस्पर्धा करने का मौका अभी भी है
भारतीय महिला टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जर्मनी से 1-3 से हार गया। मनिका बत्रा, श्रीजा अकुला और अचना कामथ शीर्ष चार में जगह बनाने से चूक गईं।
स्वप्निल कुशारे पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद के फाइनल में आगे नहीं बढ़ पाए। अपने पहले प्रयास में 2.15 मीटर की छलांग लगाने के बावजूद वे 2.20 मीटर पर तीनों प्रयासों में विफल रहे, जो 2.29 मीटर के क्वालिफिकेशन मानक से कम था। 29 वर्षीय एथलीट क्वालिफिकेशन राउंड के ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहे।
महिला टेबल टेनिस की टीम स्पर्धा में भारत 0-2 से पिछड़ गया है। मनिका बत्रा विरोधी एनेट कॉफमैन से 11-8, 5-11, 7-11, 5-11 से हार गईं।
भारतीय एथलीट ज्योति याराजी ने बुधवार को पेरिस 2024 ओलंपिक में महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ के राउंड वन की हीट चार में 13.16 सेकंड का समय निकाला। हालांकि वह अपनी हीट में सातवें स्थान पर रहीं और सेमीफाइनल के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल नहीं कर पाईं, लेकिन याराजी के पास कल रिपेचेज राउंड में एक और मौका होगा।
महिला भाला फेंक स्पर्धा में अन्नू रानी ने अपने तीसरे प्रयास में 53.55 मीटर की दूरी तय की। वह फाइनल में पहुंचने से चूक गईं। वह 55.81 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ ग्रुप ए में 15वें स्थान पर रहीं।
पीवी सिंधू ने कहा, ‘प्रिय विनेश फोगाट, आप हमेशा हमारी नजरों में चैंपियन रहेंगी। मुझे पूरी उम्मीद थी कि आप स्वर्ण पदक जीत सकें। पीडीएससीई में आपके साथ बिताया गया थोड़ा समय मैंने एक ऐसी महिला को देखा जो एक सुपरह्यूमन इच्छाशक्ति के साथ बेहतर बनने के लिए संघर्ष कर रही थी। यह प्रेरणादायक था। मैं हमेशा आपके आपके साथ हूं।’भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक से अयोग्य घोषित किए जाने पर भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने निराशा जताई। उन्होंने बताया कि विनेश का वजन 100 ग्राम ज्यादा था। उन्होंने कहा, “यह हमारे देश के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी अच्छी कुश्ती लड़ने और फाइनल के लिए क्वालिफाई करने के बाद भी उन्हें 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारत सरकार ने विनेश फोगट को उनके कोच, न्यूट्रिशनिस्ट और फिजियो मुहैया कराए हैं। ये सभी उनके साथ खेल गांव में हैं, दो दिन तक उनका वजन स्थिर था लेकिन रातों-रात यह बढ़ गया, इसका कारण उनके न्यूट्रिशनिस्ट और उनके कोच ही बता सकते हैं। डब्ल्यूएफआई कानूनी प्रक्रिया देख रहा है। पीटी उषा खेल गांव पहुंच गई हैं, हम चर्चा करेंगे और तय करेंगे कि आईओसी और यूडब्ल्यूडब्ल्यू के खिलाफ कैसे विरोध करना है।”भारतीय पहलवान विनेश फोगाट के पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित होने पर उनके चाचा महावीर फोगट ने कहा, “मेरे पास कहने को कुछ नहीं है। पूरे देश को गोल्ड की उम्मीद थी… नियम तो हैं लेकिन अगर कोई पहलवान 50-100 ग्राम ज़्यादा वज़न का है तो उसे खेलने की अनुमति दी जाती है। मैं देश के लोगों से कहूंगा कि निराश न हों, एक दिन वो ज़रूर मेडल लाएगी… मैं उसे अगले ओलंपिक के लिए तैयार करूंगा।”
पीएम मोदी ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा से इस मुद्दे पर चर्चा की उनसे इस मुद्दे पर प्रत्यक्ष जानकारी मांगी तथा विनेश की हार के बाद भारत के पास क्या विकल्प हैं, इस बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विनेश के मामले में मदद के लिए सभी विकल्पों पर विचार करने को कहा। उन्होंने पीटी उषा से विनेश की मदद के लिए उनकी अयोग्यता के बारे में कड़ा विरोध दर्ज कराने की भी बात कही।
विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर फोगाट को चैंपियन बताया है। पीएम ने लिखा, “विनेश आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज की असफलता दुख देती है। काश मैं शब्दों में उस निराशा को व्यक्त कर पाता जो मैं अनुभव कर रहा हूं। साथ ही, मैं जानता हूँ कि आप लचीलेपन की प्रतिमूर्ति हैं। चुनौतियों का सामना करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। और मजबूत होकर वापस आओ! हम सब आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
सूरज पंवार और प्रियंका मैराथन रेस वॉक रिले मिक्स्ड इवेंट में फिलहाल 16वें स्थान पर हैं।
पेरिस ओलंपिक 2024 में महिला कुश्ती 50 किग्रा स्पर्धा के फाइनल मुकाबले से पहले पहलवान विनेश फोगाट को तगड़ा झटका लगा है। उन्हें अधिक वजन के कारण फाइनल मुकाबले से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया है। मंगलवार को उन्होंने सेमीफाइनल में क्यूबा की लोपेज गुजमान को 5-0 से हराया था। वह ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनीं थीं। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विनेश फोगाट को वजन ज्यादा होने की वजह से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। संघ ने कहा, “भारतीय दल को इस बात का दुख है कि महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम वर्ग से विनेश फोगट को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किलोग्राम से कुछ ग्राम अधिक था। इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है। वह मौजूदा प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगा।”
मिश्रित मैराथन पैदल चाल रिले रेस का पदक चरण मुकाबला शुरू हो चुका है। भारत की तरफ से प्रियंका गोस्वामी और सूरज पंवार जोर लगा रहे हैं।
ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर आज भारत लौट आई हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उनके माता-पिता भी मौजूद रहे। मनु के साथ उनके कोच जसपाल राणा का भी जोरदार स्वागत हुआ। मनु ने कहा ‘बेहद खुशी है इतना प्यार मिल रहा हैं।’
एथलेटिक्स
– मैराथन पैदल चाल रिले मिश्रित: सूरज पंवार और प्रियंका (सुबह 11 बजे से)
– पुरुष ऊंची कूद क्वालिफिकेशन: सरवेश कुशारे (दोपहर 1.35 बजे से)
– महिला 100 मीटर बाधा दौड़ राउंड-1: ज्योति याराजी (दोपहर 1.45 बजे से)
– पुरुष त्रिकूद क्वालिफिकेशन: अब्दुल्ला और प्रवीण चित्रावले (रात 10.45 बजे से)
– पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल: अविनाश साबले (देर रात 1.13 बजे से)
– महिला भाला फेंक क्वालिफिकेशन: अन्नू रानी (दोपहर 1.55 बजे से)
गोल्फ
– महिला व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले राउंड-1: अदिति अशोक और दीक्षा डागर (दोपहर 12.30 बजे से)
टेबल टेनिस
– महिला टीम क्वार्टर फाइनल: भारत बनाम जर्मनी (दोपहर 1.30 बजे से)
कुश्ती
– महिला फ्री स्टाइल 53 किग्रा: अंतिम पंघाल बनाम जिनेप येतगिल (तुर्किये) (दोपहर 2.30 बजे से)
– महिला फ्री स्टाइल 50 किग्रा फाइनल: विनेश फोगाट बनाम सारा एन हिल्डेब्रांड (अमेरिका) (रात 9.45 बजे से)
भारोत्तोलन
– महिला 49 किग्रा: मीराबाई चानू (रात 11 बजे से)
क्वालिफिकेशन में उम्दा प्रदर्शन करने वाले भारतीय एथलीट अविनाश साबले से भी बेहतर करने की उम्मीद है। साबले ने फाइनल में क्वालिफाई करके भारत के लिए एक और पदक की उम्मीद जगा दी है। दूसरी ओर, मनिका बत्रा, अर्चना कामथ और श्रीजा अकुला की महिला टेबल टेनिस टीम सेमीफाइनल में प्रवेश करने के इरादे से उतरेगी। अगर मनिका की अगुआई वाली टीम जीत हासिल करने में सफल रही तो पदक पक्का करने की ओर एक कदम बढ़ा देगी।
मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था और एक बार फिर उनसे उस करिश्मे को दोहराने की उम्मीद होगी। मीराबाई अगर पदक लाने में सफल रहीं तो वह उन भारतीय एथलीटों में शामिल हो जाएंगी जिन्होंने ओलंपिक में एक से अधिक पदक जीते हैं। अब तक भारत के लिए सुशील कुमार, पीवी सिंधू और मनु भाकर ही ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिनके नाम ओलंपिक में दो पदक जीतने की उपलब्धि दर्ज है।
