स्वाति मालीवाल केस में दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, मामले की जांच के लिए बनाई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम
आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उनके निजी

सहायक बिभव कुमार द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस एक्शन मोड पर नजर आ रही है.अब पुलिस टीम ने मामले की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया है.
एसआईटी का नेतृत्व अतिरिक्त डीसीपी (उत्तर) अंजिता चेप्याला कर रही हैं. इस बीच, बिभव कुमार को बीते दिन अपराध स्थल यानी मुख्यमंत्री आवास ले जाया गया. मामले की जांच कर रहे दिल्ली पुलिस कर्मियों की तरफ से कई स्टाफ सदस्यों के बयान भी लिए गए हैं.
वहीं, रविवार (19 मई) को आप कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन के संबंध में एक मामला दर्ज किया गया था. जिसके तहत आप नेताओं ने पुलिस द्वारा रोके जाने से पहले बीजेपी मुख्यालय तक मार्च करने की योजना बनाई थी. इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
एक घंटे CM हाउस में थी पुलिस
एक अधिकारी ने बताया, ‘बिभव कुमार को शाम करीब 5.45 बजे सीएम आवास ले जाया गया और घटना के संबंध में कई स्टाफ सदस्यों के बयान लिए गए. उन्हें आगे की पूछताछ के लिए उनके आवास पर ले जाया गया. जांच के हिस्से के रूप में कुमार से मालीवाल के साथ उनके संबंध और घटना से संबंधित अन्य जानकारी सहित प्रश्न पूछे गए थे. पुलिस लगभग एक घंटे तक सीएम कार्यालय के अंदर रही.’
बता दें कि, कुमार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया और उनके खिलाफ एफआईआर में भारतीय दंड संहिता की धारा 201 जोड़ दी गई है. इससे पहले, रविवार दोपहर सीएम हाउस से अनुमति मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डिंग) एकत्र किए थे. इससे पहले पुलिस ने शनिवार को अनुमति मांगी थी लेकिन नहीं मिली.
