पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने रामनवमी पर 17 अप्रैल को छुट्टी घोषित कर दी

पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने रामनवमी पर 17 अप्रैल को छुट्टी घोषित कर दी। यह पहली बार है जब राज्य में रामनवमी की छुट्टी घोषित की गई है।
राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर राज्य सरकार के सभी कार्यालय, उनके सहयोगी संगठन और उपक्रम 17 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर बंद रहेंगे भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि यह पहली बार है कि राज्य सरकार ने चैत्र मास के शुक्लपक्ष की नवमी तिथि पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामचन्द्र के सम्मान में अवकाश की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि मैंने जनवरी में रामनवमी पर छुट्टी नहीं देने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की थी, आज राज्य सरकार को छुट्टी घोषित करने के लिए मजबूर होना पड़ा।भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी एक्स पर अपने पोस्ट में ममता सरकार पर तंज किया है। उन्होंने लिखा, ‘ममता बनर्जी ने अपनी हिंदू विरोधी छवि को सुधारने के लिए ऐसा किया है. हालांकि बहुत देर हो चुकी है… इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि रामनवमी के जुलूस पर पथराव न हो।’
