एनटीपीसी सिंगरौली में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन

एनटीपीसी सिंगरौली में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन

(राष्ट्रप्रेम, उत्कृष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस)

राजू यादव क्राइम प्रधान संपादक

शक्तिनगर, 15 अगस्त 2026। एनटीपीसी सिंगरौली सुपर थर्मल पावर स्टेशन, शक्तिनगर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि श्री ई. प्रभाकर राव, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। इसके पश्चात सीआईएसएफ की टुकड़ी ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया तथा मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया।

एनटीपीसी सिंगरौली परिसर स्थित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं सीआईएसएफ जवानों द्वारा अनुशासित एवं शानदार परेड प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री ई. प्रभाकर राव ने राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के अतुलनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा एवं सतत विकास में एनटीपीसी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

उन्होंने एनटीपीसी सिंगरौली की प्रमुख उपलब्धियों, ऊर्जा उत्पादन एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी देते हुए सुरक्षा उत्कृष्टता, पर्यावरण संरक्षण एवं नैगम सामाजिक दायित्व के प्रति निरंतर सजग रहते हुए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने ऊर्जा उत्पादन में निरंतर योगदान के लिए एनटीपीसी कर्मियों, सीआईएसएफ जवानों, संविदाकर्मियों एवं स्थानीय जनसमुदाय के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

परेड के उपरांत मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा वनिता समाज की सदस्याओं द्वारा गुब्बारों को मुक्ताकाश में छोड़ा गया। इसके पश्चात सीएसआर के अंतर्गत बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया गया। वंदे मातरम् की प्रस्तुति के बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। टाइनी टॉट्स विद्यालय, बाल भवन, विवेकानंद प्राथमिक विद्यालय, अंबेडकर विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, संत जोसेफ विद्यालय, विवेकानंद वरिष्ठ विद्यालय एवं पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों की समूह नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। इसके पश्चात सीआईएसएफ फायर विंग द्वारा विशेष प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री ई. प्रभाकर राव द्वारा “ICOMIT Chronicles – Volume 1: Integrity” का अनावरण किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इनमें पावर एक्सेल, एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर/डिपार्टमेंटल एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर, मानवीयता पुरस्कार, हेल्थ चैंपियन, एचओपी मेरिटोरियस, सीआईएसएफ उत्कृष्ट प्रदर्शन, बीई विभाग, मेधा प्रतियोगिता (राष्ट्रीय स्तर), उत्कृष्ट विद्यार्थी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार शामिल रहे। पुरस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, सीआईएसएफ जवानों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में संज़ीवनी चिकित्सालय में नवीन फिजियोथेरेपी यूनिट का उद्घाटन किया गया। यह सुविधा मरीजों को बेहतर एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अतिरिक्त मुख्य अतिथि द्वारा चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए गए तथा जरूरतमंद लोगों को फल, कंबल आदि प्रदान किए गए।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली परिसर के प्लांट सेवा भवन पार्क, प्रशासनिक भवन, टाइनी टॉट्स स्कूल, मनोरंजन केंद्र एवं अंबेडकर विद्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर भी राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराया गया।

समारोह में श्री सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण); श्रीमती ई. निर्मला राव, अध्यक्षा, वनिता समाज; श्री रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना); श्री अंजन पाल, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन); श्री ए.के. सिंह, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं); श्री सुनील कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग); श्री विवेक आर्य, कमांडेंट, सीआईएसएफ; उप कमांडेंट,सी आई एस एफ सहित सभी विभागाध्यक्ष, वनिता समाज की सम्मानित सदस्याएँ, विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, मीडिया के प्रतिनिधि तथा सीआईएसएफ के जवान उपस्थित रहे।

एनटीपीसी सिंगरौली का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के संकल्प का प्रभावशाली प्रतीक बना।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]