एनटीपीसी शक्तिनगर का एम.जी.आर. संचालन ठप,लोको स्टाफ ने रोकी ट्रेनों की आवाजाही* अधिकारियों पर उत्पीड़न के* *आरोप, 13 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर आंदोलन तेज; प्रबंधन का पक्ष आना बाकी

एनटीपीसी शक्तिनगर का एम.जी.आर. संचालन ठप,लोको स्टाफ ने रोकी ट्रेनों की आवाजाही* अधिकारियों पर उत्पीड़न के* *आरोप, 13 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर आंदोलन तेज; प्रबंधन का पक्ष आना बाकी

राजू यादव क्राइम प्रधान संपादक

शक्तिनगर (सोनभद्र)। एनटीपीसी सिंगरौली सुपर थर्मल पावर स्टेशन (एसएसटीपीएस) शक्तिनगर के एम.जी.आर. (मेरी-गो-राउंड) रेल प्रणाली में सोमवार देर रात लगभग 10:30 बजे से लोको ड्राइवर, सहायक लोको ड्राइवर एवं अटेंडेंट कर्मचारियों ने सभी एम.जी.आर. ट्रेनों का संचालन रोककर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों के आंदोलन के चलते एम.जी.आर. प्रणाली पूरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे परियोजना के लिए कोयला परिवहन पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच कथित दुर्व्यवहार तथा लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान न होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने काम बंद कर धरना शुरू कर दिया। आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारियों ने अपर महाप्रबंधक (एम.जी.आर.) को संबोधित 13 सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें आर्थिक, मानसिक एवं प्रशासनिक स्तर पर प्रताड़ित किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि बिना पर्याप्त आधार के आरोप लगाकर वेतन संबंधी कार्रवाई की जाती है तथा उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय दंडित किया जाता है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने ओवरटाइम का दो गुना भुगतान किए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि वर्ष 2017 से लागू प्रावधान के अनुरूप अन्य परियोजनाओं में दोहरे ओवरटाइम का भुगतान किया जा रहा है, जबकि एम.जी.आर. में यह सुविधा नहीं दी जा रही है। इसके अलावा लोको ड्राइवर एवं सहायक लोको ड्राइवरों को उपलब्ध कराए जा रहे पीपीई किट, यूनिफॉर्म, रेनकोट, ट्रैकसूट, पानी एवं चाय की बोतल आदि की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए मानक के अनुरूप सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
सहायक लोको ड्राइवरों ने आरोप लगाया है कि पिछले दो वर्षों से उन्हें उत्पादकता आधारित बोनस नहीं दिया गया, जबकि अन्य परियोजनाओं में इसका भुगतान किया जा रहा है। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि पर्याप्त रिलीविंग स्टाफ नहीं होने के कारण उन्हें लगातार देर तक ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे मानसिक एवं शारीरिक दबाव बढ़ रहा है।
ज्ञापन में पार्किंग सुरक्षा की कमी का भी उल्लेख किया गया है। कर्मचारियों के अनुसार वाहनों से तेल और हेलमेट चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिनकी जिम्मेदारी प्रबंधन को लेनी चाहिए। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सहायक लोको ड्राइवरों से जबरन ट्रेन संचालन कराया जाता है तथा मना करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है, जो नियमों के विपरीत है।
सुरक्षा संबंधी गंभीर मुद्दा उठाते हुए कर्मचारियों ने कहा कि एम.जी.आर. में हाउसकीपिंग कर्मचारियों से शंटिंग एवं प्वाइंट्समैन का कार्य कराया जा रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही सहायक लोको चालकों को जीएच (GH) का भुगतान नहीं किए जाने तथा एसी का कमर्शियल चार्ज काटे जाने पर भी आपत्ति जताई गई है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सीएल एवं ईएल अवकाश उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें एलडब्ल्यूपी (LWP) दर्शाकर वेतन एवं अन्य भत्तों में कटौती की जाती है, जिससे आर्थिक एवं मानसिक शोषण हो रहा है। उन्होंने लोको चालक एवं सहायक लोको चालकों के लिए जर्जर आवासों के स्थान पर बी-टाइप आवास उपलब्ध कराने की भी मांग की है, ताकि वे बेहतर वातावरण में कार्य कर सकें।
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिनों के भीतर सभी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारी आगे और बड़ा निर्णय लेने के लिए बाध्य होंगे। कर्मचारियों ने कहा है कि यदि भविष्य में ट्रेन संचालन प्रभावित होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी एम.जी.आर. प्रबंधन की होगी।
इस मांगपत्र की प्रतिलिपि कार्यकारी निदेशक एनटीपीसी सिंगरौली, महाप्रबंधक (ओ एंड एम), अपर महाप्रबंधक (एफएम), अपर महाप्रबंधक (एचआर), जिला श्रम आयुक्त पिपरी, उपजिलाधिकारी दुद्धी, थाना प्रभारी शक्तिनगर तथा संबंधित ठेका कंपनी को भी भेजी गई है। ज्ञापन पर लोको ड्राइवर एवं सहायक लोको ड्राइवरों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।उधर, धरने के बाद एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों से वार्ता कर स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जाने की सूचना मिल रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होते ही समाचार को अद्यतन किया जाएगा।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]