आगरा कैंट घटना के विरोध में रेणुकूट के रेल कर्मचारियों का कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की उठी मांग।
आगरा कैंट घटना के विरोध में रेणुकूट के रेल कर्मचारियों का कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की उठी मांग।
स्टेशन मास्टर से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में रेलकर्मियों ने जताया आक्रोश, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

संवाददाता सद्दाम कुरेशी
चोपन/सोनभद्र – आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक स्टेशन मास्टर के साथ आरपीएफ कर्मियों द्वारा कथित रूप से किए गए अमानवीय व्यवहार, मारपीट एवं घसीटकर ले जाने की घटना के विरोध में गुरुवार शाम रेणुकूट में ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाई यूनियन एवं ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के संयुक्त बैनर तले कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व यूनियन के संयुक्त महासचिव प्रवीण कुमार एवं एसोसिएशन के मंडल उपाध्यक्ष विशाल कपूर ने किया।
कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने भाग लेकर घटना की कड़ी निंदा की। इस दौरान स्टेशन प्रबंधक कमलेश कुमार एवं टीआई सुनील कुमार ने घटना की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी आरपीएफ कर्मियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी रेल कर्मचारी के साथ इस प्रकार की घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए।
संयुक्त महासचिव प्रवीण कुमार ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात किसी रेल कर्मचारी के साथ सार्वजनिक रूप से इस तरह का व्यवहार भारतीय रेलवे के कर्मचारियों के स्वाभिमान, सम्मान एवं कार्यस्थल की गरिमा पर सीधा आघात है। उन्होंने रेल प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड देने की मांग की।
कार्यक्रम के समापन पर ब्रांच सेक्रेटरी अरुण कुमार ने कहा कि इस घटना को जातिगत या सामुदायिक रंग देने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मीडिया एवं राजनीतिक दलों से अपील की कि मामले को केवल न्याय एवं कर्मचारियों की गरिमा के दृष्टिकोण से देखा जाए।
