मोदी सरकार के 12 वर्ष: भाजपा ने दुद्धी के शिवाजी तालाब पर चलाया स्वच्छता अभियान
मोदी सरकार के 12 वर्ष: भाजपा ने दुद्धी के शिवाजी तालाब पर चलाया स्वच्छता अभियान
उपेंद्र तिवारी सोनभद्र ब्यूरो
दुद्धी (सोनभद्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ’12 साल बेमिसाल’ पखवाड़े के तहत दुद्धी मण्डल भाजपा ने शनिवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुद्धी नगर पंचायत स्थित ऐतिहासिक शिवाजी तालाब, मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई कर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया और ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के उद्देश्यों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
स्वच्छता केवल अभियान नहीं, नागरिक की जिम्मेदारी: कमलेश मोहन
अभियान के दौरान दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेष मोहन ने कहा:
“स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। हम सभी को एक स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए और अपने आसपास के परिवेश को साफ रखना चाहिए।”
5 से 21 जून तक चल रहे हैं सेवा कार्य
मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह और स्वच्छता अभियान के संयोजक मनीष जायसवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि संगठन के निर्देश पर प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक ’12 साल बेमिसाल’ पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ता प्रतिदिन विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से जनता के बीच जा रहे हैं और इसी कड़ी में आज शिवाजी तालाब पर यह अभियान चलाया गया।
तालाब में मिलीं शराब की बोतलें, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
सफाई के दौरान तालाब से भारी मात्रा में कचरे के साथ-साथ शराब और बीयर की खाली बोतलें भी बरामद हुईं। इस पर भाजपा नेताओं ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए स्थानीय प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक और सार्वजनिक महत्व के इस तालाब के पास असामाजिक कृत्य करने वाले लोगों पर सख्त निगरानी रखी जाए और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी हरकतों पर रोक लग सके।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस स्वच्छता अभियान में मुख्य रूप से निम्नलिखित पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे:
मनोज सिंह ‘बबलू’ (भाजपा जिलामंत्री)
पंकज अग्रहरि ‘बुल्लू’ (मण्डल उपाध्यक्ष)
जितेन्द्र चन्द्रवंशी (स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर)
अंशुमान रॉय (मण्डल महामंत्री)
अजय चन्द्रवंशी (युवामोर्चा अध्यक्ष)
विकास मद्धेशिया (बूथ अध्यक्ष)
विकास सोनी, धीरज जायसवाल सहित दर्जनों अन्य भाजपा कार्यकर्ता।
