बिंदूल में बेनियांव नदी की सफाई कर निकाली भव्य कलश यात्रा
बिंदूल में बेनियांव नदी की सफाई कर निकाली भव्य कलश यात्रा, ग्रामीणों ने किया तालाब में श्रमदान
सिंगरौली 25 मई 2026/ गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के विकासखंड बैढ़न के निर्देशानुसार आज ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बिंदूल द्वारा जल स्रोत समागम अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवांकुर संस्था ‘कर्मभूमि फाउंडेशन’ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और ग्रामीणों को जल की महत्ता के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान के तहत समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर बेनियांव नदी में वृहद् साफ-सफाई अभियान चलाया, जिसके बाद सभी ने ढोढिया तालाब में उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
श्रमदान के पश्चात ग्रामीण महिलाओं और नवांकुर सखियों द्वारा ढोढिया तालाब से पवित्र जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा अहिरान टोला स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं और अतिथियों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और इसी के साथ इस प्रेरक कार्यक्रम का गरिमामयी समापन हुआ। इस दौरान ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।
इस पूरे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सिंह, सचिव लाले सिंह एवं रोजगार सहायक मुकेश कुमार बियार उपस्थित रहे। साथ ही बिंदुल ग्राम के वरिष्ठ जन रणवीर सिंह, ललन सिंह, तेज बहादुर सिंह, राम रक्षा नाई, रामचंद्र यादव तथा प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रामाधार यादव, सचिव शंकर लाल यादव, रामजन्म यादव, कलावती यादव, सीताबाई सिंह और हरचरण सिंह ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी नवांकुर सखियों, सेक्टर खनुआ की कार्यक्रम समन्वयक वंदना शाह, परामर्शदाता तथा अन्य ग्रामीण जनों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में सेक्टर खनुआ की कार्यक्रम समन्वयक द्वारा सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।
