तमिलनाडु CM थलपति विजय का सरकारी कर्मचारियों को तोहफा, DA में कर दिया 2% का इजाफा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनते ही थलपति विजय सुपर स्पीड से एक के बाद एक बड़े फैसले ले रहे हैं. CM विजय ने शराब की दुकानों को बंद करने के बाद अब सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है.

विजय सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 2% का इजाफा कर दिया है. इसके बाद अब DA 58% से बढ़कर 60% हो जाएगा. यह इजाफा एक जनवरी 2026 से प्रभावी होगी. महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा.

CM विजय ने कहा, “सरकारी कर्मचारी और शिक्षक कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने और राज्यभर में सार्वजनिक सेवाओं की डिलीवरी सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं. संशोधित DA केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य कर्मचारियों को भी दिया जाएगा.” सरकार ने कहा कि कर्मचारियों, शिक्षकों, पेंशन होल्डर और फैमिली पेंशन वालों के हितों को ध्यान में रखते हुए इसके लिए जरूरी अतिरिक्त बजट अलॉट किया जाएगा.

तमिलनाडु चुनाव में विजय की पार्टी ने जीती 108 सीटें

234 सीटों वाले तमिलनाडु में 23 अप्रैल को पहले फेज में वोटिंग हुई थी. 4 मई को नतीजे आए. थलपति विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटें जीती थीं. सरकार बनाने के लिए 118 सीटें चाहिए. विजय ने कांग्रेस, CPI, CPM, VCK और IUML के साथ मिलकर सरकार बनाई है. इनमें से कांग्रेस के पास 5 सीटें, CPI-CPM, VCK और IUML के पास 2-2 सीटें हैं. 14 मई को विजय सरकार ने फ्लोर टेस्ट भी पास किया. इसमें AIADMK के 25 विधायकों ने भी विजय सरकार को समर्थन दिया है.

CM बनने के बाद विजय ने लिए कौन-कौन से फैसले?

CM बनते ही विजय एक्शन में आए और दस्तावेजों का पहला सेट साइन किया. इनमें 200 यूनिट फ्री बिजली देने, महिला सुरक्षा दल और एंटी ड्रग्स स्क्वॉड बनाने के आदेश शामिल हैं.

717 शराब दुकानें होंगी बंद

थलपति विजय ने 11 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. इसके बाद CM विजय ने पूजा स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों और बस स्टैंडों के पास तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) की 717 शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया था. इन दुकानों को दो हफ्ते के अंदर बंद कर दिया जाएगा. सरकार के सर्वे में पाया गया कि TASMAC की कुल 4,765 दुकानों में से 717 दुकानें 500 मीटर की निर्धारित दूरी का उल्लंघन कर रही थीं.

महिलाओं को 2,500 रुपये देने का वादा

मुख्यमंत्री जोसफ विजय ने निर्देश दिया है कि इस योजना के तहत मई महीने की 1000 रुपये की किस्त जल्द ही लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे जमा कर दी जाएगी. राज्य विधानसभा चुनाव से पहले विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने 60 साल से कम उम्र की महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह की सहायता देने का वादा किया था.

रुमर्ड गर्लफ्रेंड की फिल्म के लिए भी लिया फैसला

थलापति विजय ने रूमर्ड गर्लफ्रेंड तृषा के लिए फिल्म इंडस्ट्री के एक बड़े नियम में बदलाव किया है. विजय ने तृषा कृष्णन की फिल्म करप्पू के लिए सुबह 9 बजे की स्क्रीनिंग रखने की स्पेशल परमिशन दी है, जबकि अब तक साउथ में इस पर प्रतिबंध था.

कैसे बनी TVK?

एक्टर थलपति विजय लंबे समय से अपने सामाजिक कामों और फैन क्लब नेटवर्क के जरिए जनता से जुड़े रहे हैं. उनके फैन क्लब ‘विजय मक्कल इयक्कम’ ने कई मौकों पर सामाजिक सेवा, राहत कार्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम चलाए हैं. यही नेटवर्क बाद में उनकी राजनीतिक पार्टी के लिए मजबूत आधार बना. TVK के गठन के समय विजय ने साफ किया कि उनका फोकस जनता की भलाई, पारदर्शिता और विकास पर होगा.

कैसा रहा थलपति विजय का करियर?

थलपति विजय के करियर की बात करें, तो अब तक उन्होंने 65 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया है, जिसमें से उनकी ज्यादातर फिल्में हिट रही हैं. मास्टर, थेरी जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है. विजय सबसे ज्यादा फीस पाने वाले तमिल एक्टर भी हैं. उन्होंने फिल्म ‘थलापति 65’ के लिए 100 करोड़ रुपये की फीस ली थी. विजय रजनीकांत के बहुत बड़े फैन हैं और 1985 में आई फिल्म ‘नान सिवापू मनिथन’ में उनके साथ बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम कर चुके हैं.

420 करोड़ के मालिक हैं थलापति विजय

साउथ एक्टर विजय फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट से सालाना 120 करोड़ रुपये कमाई करते हैं. उनकी कुल नेटवर्थ 420 करोड़ रुपये है. विजय अपने परिवार के साथ चेन्नई स्थित बीच होम में रहते हैं.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]