देवास जिले में कथित तौर पर पटाखा कारखाने में धमाके के बाद आग लग गई

मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को कथित तौर पर पटाखा कारखाने में धमाके के बाद आग लग गई जिसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। अधिकारियों ने अब तक तीन मौत की पुष्टि की है।
हालांकि, उन्होंने इस बात से इनकार नहीं किया है मृत्कों की संख्या बढ़ सकती है। घटना में 25 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भयावह घटना पर संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, ‘देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। मैंने जिले के प्रभारी और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।’
पोस्ट में कहा गया, ‘मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने और घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।’
