T20 World Cup की टीम में शामिल खिलाड़ी T20 सीरीज से बाहर

T 20 World Cup 2026 से पहले टीम इंडिया को एक और तगड़ा झटका लगा है। तिलक वर्मा पहले से ही न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले तीन मुकाबले से बाहर हैं।
अब भारतीय टीम के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी इस पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। ये सीरीज टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ड्रेस रिहर्सल के तौर पर देखी जा रही है। साइड स्ट्रेन (मांसपेशियों में खिंचाव) के कारण वॉशिंगटन सुंदर को बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर कर दिया गया।
वॉशिंगटन सुंदर को पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय पसली के निचले बायें हिस्से में असहजता हुई थी, जिससे वह तीन मैचों की वनडे सीरीज से भी बाहर हो गये थे। अब यह तय हो गया है कि वह 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए समय पर ठीक नहीं हो पाएंगे। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई’ से कहा, ”वॉशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है।”
वॉशिंगटन की चोट उनके सात फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप में भागीदारी पर भी सवाल खड़ा करती है। तिलक वर्मा भी पहले तीन टी20 मैचों से बाहर हैं। उन्हें ग्रोइन की चोट के कारण सर्जरी करानी पड़ी थी। तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट का ऐलान बोर्ड ने नहीं किया है। ऐसे में अब सवाल उठता है कि क्या वॉशिंगटन सुंदर के भी रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया जाएगा या फिर किसी अन्य ऑलराउंडर की ओर देखा जाएगा। वनडे सीरीज में वॉशिंगटन सुंदर को आयुष बदोनी ने रिप्लेस किया है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले उनकी भारत की टी20 टीम में एंट्री होती नजर नहीं आ रही है।
हालांकि, एक बात जरूर है कि वॉशिंगटन सुंदर की चोट भारतीय टीम की तैयारियों के लिहाज से एक बड़ा झटका है। वर्ल्ड कप की टीम में बदलाव शायद ही होगा, लेकिन मजबूरी में किसी रिप्लेसमेंट की घोषणा इस सीरीज के लिए बीसीसीआई को करनी पड़ सकती है। 5 मैचों की सीरीज भारतीय खिलाड़ियों के लिए बहुत अहम है।
