रोहित शर्मा ने 62 गेंदों में ठोका शतक, 7 साल बाद किया ऐसा कमाल

रोहित शर्मा जब क्रीज पर उतरते हैं तो गेंदबाजों की शामत आ जाती है. विजय हजारे ट्रॉफी में अपने पहले मैच में भी रोहित ने ऐसा ही किया. रोहित ने सिक्किम के खिलाफ महज 62 गेंदों में सेंचुरी लगाई दी.
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 8 छक्के और 8 चौकों की मदद से अपनी सेंचुरी पूरी की. बता दें रोहित शर्मा ने 7 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में सेंचुरी लगाई है. इस टूर्नामेंट में रोहित शर्मा 7 साल बाद ही खेलने उतरे हैं.
रोहित शर्मा ने किया बड़ा कमाल
रोहित शर्मा जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेलने उतरे तो मानो माहौल ही बन गया. इस मुकाबले को देखने के लिए 12 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे और रोहित ने अपनी बैटिंग से फैंस को निराश भी नहीं किया. 237 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को रोहित ने विस्फोटक शुरुआत दी. इस खिलाड़ी ने अंगकृष रघुवंशी के साथ तेजी से पारी को आगे बढ़ाया. रोहित ने पावरप्ले में ही 4 छक्के, 7 चौके उड़ाए. इस खिलाड़ी ने छक्के से अपना अर्धशतक पूरा किया. रोहित ने अपनी हाफसेंचुरी तक 90 फीसदी से ज्यादा रन बाउंड्री के जरिए ही बनाए. रोहित इसके बाद भी थमे नहीं और उन्होंने अगली 35 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी कर ली.
