“बहुत हुआ ‘जागो मां’, अब सेकुलर गाना गाओ!” स्टेज शो के दौरान गायिका लग्नाजिता चक्रवर्ती पर हमले की कोशिश।

पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान मशहूर गायिका लग्नाजिता चक्रवर्ती के साथ दुर्व्यवहार की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लग्नाजिता शनिवार रात भगवानपुर स्थित ‘साउथ पॉइंट पब्लिक स्कूल’ में परफॉर्म कर रही थीं।
गायिका का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान स्कूल के मालिकों में से एक, महबूब मल्लिक ने उन पर हमला करने की कोशिश की।
लग्नाजिता ने बताया कि जब उन्होंने फिल्म ‘देवी चौधुरानी’ का गाना ‘जागो मां’ खत्म किया, तो महबूब मल्लिक मंच पर दौड़ते हुए आए और उनके बेहद करीब पहुंच गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोका, लेकिन आरोपी ने चिल्लाते हुए कहा, “बहुत हुआ जागो मां, अब कुछ सेकुलर गाना गाओ!” इस अपमानजनक व्यवहार के बाद लग्नाजिता ने तुरंत शो बंद कर दिया और मंच से नीचे उतर गईं।
घटना के बाद गायिका ने भगवानपुर थाने में महबूब मल्लिक के खिलाफ जनरल डायरी दर्ज कराई है। टॉलीवुड के कलाकारों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और इसे कला और कलाकार की अभिव्यक्ति पर हमला बताया है।
