राहगीरों की समस्या बना सरई मुख्य बाजार का जाम
राहगीरों की समस्या बना सरई मुख्य बाजार का जाम
शंकर जायसवाल तहसील रिपोर्टर सरई

जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर तहसील मुख्यालय सरई में लगातार जाम की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। यहां मुख्य बाजार में अक्सर जाम लगना आम बात हो गई है। सुबह से लेकर शाम तक में दर्जनों बार सड़क जाम देखी जा रही है दुकानदार विस्तारवादी नियत से चल रहे हैं। जिसके चलते इस तरह के हालात यहां रोजाना निर्मित होती हैं और एसडीएम के साथ-साथ नगर परिषद के अधिकारी अतिक्रमण को हटाने में रुचि नही ले रहे हैं। दरअसल नगर परिषद मुख्यालय सरई के बामनदास तिराहा काफी भीड़भाड़ वाला स्थान है। जहां हमेशा हजारों की संख्या में सुबह से लेकर रात करीब 9 बजे तक ग्राहक मौजूद रहते हैं। लेकिन तिराहे से करीब दो सौ मीटर दूरी तक कई दुकानदारों ने फुटपाथ को भी अपने कब्जे में कर सामान फैला देते हैं। जिससे सड़क लगातार सिकुड़ती जा रही है। समस्या तब निर्मित होती है, जब ग्राहक अपने वाहन सड़क पर ही खड़ा करके सामान खरीदने चले जाते हैं। यह समस्या एक दिन की नही है, बल्कि 365 दिनों की है।
आलम यह है कि वाहनों को सड़क पर खड़ा कर दिये जाने से जाम जैसे हालात निर्मित हो जाते हैं। यहां तक की इस तिराहे के तीनों मार्गो पर दुकानों के सामने पार्किंग की जगह न होने से सड़क पर ही बाईक व स्कूटी खड़ी करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। आरोप है कि नगर परिषद एवं राजस्व अमला अतिक्रमणकारी दुकानदारों को सालों से हिदायत भी नही दिया है। जिसके चलते व्यापारी लगातार अपने-अपने सामग्रियों को बाहर निकाल कर धीरे-धीरे सड़क की ओर विस्तार कर रहे हैं। यहां तक की कई बार स्थानीय व्यापारियों एवं वाहन चालकों के बीच तू तू मैं मैं भी हो जाती है। आखिरकार नगर परिषद के सीएमओ एवं उपखंड अधिकारी देवसर की नज़रें यहां क्यों नही जा रही हैं। इस पर भी सवाल उठाया जा रहा है। यहां के प्रबुद्धजनों ने सड़क के फुटपाथ यानि नाली को अतिक्रमण से मुक्त कराये जाने की मांग एसडीएम एवं नगर परिषद सीएमओ से की है।
