मेट्रो स्टेशन के पास बनी झुग्गी बस्ती में अचानक भीषण आग लग गई 500 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया

राजधानी दिल्ली में देर रात भयंकर आग का तांडव देखने को मिला। रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास बनी झुग्गी बस्ती में अचानक भीषण आग लग गई। देख ही देखते ये आग पूरी बस्ती में फैल गई और 500 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।दमकल विभाग की तत्परता से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस हादसे में एक मासूम बच्चा झुलस गया।आग रिठाला मेट्रो स्टेशन और दिल्ली जल बोर्ड के बीच स्थित बंगाली बस्ती में शुरू हुई। यहां बसी झोपड़ियों में रात के सन्नाटे को चीरती हुई लपटें भड़क उठीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना दमकल विभाग को दी, जिसके बाद विभाग ने फौरन मोर्चा संभाला। शुरुआत में 15 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए संख्या बढ़ाकर कुल 29 कर दी गई।
रात भर चली जद्दोजहद
इस आग ने करीब 500 झुग्गियों को अपनी चपेट में लिया। 20 से अधिक दमकल की गाड़ियां रात भर काम पर लगी रही। तमाम जद्दोजहद के बाद शनिवार तड़के आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने अंधेरे और घनी आबादी वाले इलाके में चुनौतियों का सामना करते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। रात भर चले इस अभियान में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों परिवारों को सुरक्षित निकाला। आखिरकार, सुबह होते-होते आग पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल हो गया।
