आभूषण एवं कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मची

थरवई थाना क्षेत्र के पंडिला बाजार में शुक्रवार सुबह आभूषण एवं कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग सुबह लगभग 7:30 बजे विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
रात में दुकान बंद कर मालिक घर चले गए
बताया जाता है कि पंडिला बाजार में शिवजी केसरवानी पुत्र महारानी दीन केसरवानी परिवार समेत 40 नंबर गोमती स्थित मकान पर रहते हैं। उनकी पंडिला बाजार में आभूषण एवं कपड़े की दुकान है। गुरुवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे।
फायर ब्रिगेड व सीआरपीएफ जवानों ने बुझाई आग
शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने दुकान से धुआं उठता देखा। इसकी जानकारी उन्होंने दुकान मालिक शिवजी केसरवानी को दी। वह मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। इसके साथ ही सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पंडिला से भी पानी का टैंकर और जवान मौके पर पहुंचे।
