आसियान में PM मोदी के नहीं जाने पर कांग्रेस का तंज- बच के रहना रे बाबा, ट्रंप से बचने का आरोप

कांग्रेस पार्टी ने बृहस्पतिवार को दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आसियान शिखर सम्मेलन में भाग नहीं ले रहे हैं क्योंकि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सामना नहीं करना चाहते।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह कटाक्ष भी किया कि प्रधानमंत्री शायद बॉलीवुड के मशहूर गाने “बच के रहना रे बाबा” को याद कर रहे होंगे।
जयराम ने कहा- “बच के रहना रे बाबा”
प्रधानमंत्री मोदी अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण रविवार से शुरू हो रहे आसियान शिखर सम्मेलन से संबंधित बैठकों में भाग लेने के लिए मलेशिया नहीं जाएंगे, बल्कि वह इस सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे। दक्षिण-पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) की बैठकें 26 से 28 अक्टूबर को होनी है। मलेशिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ-साथ आसियान समूह के वार्ता साझेदार कई देशों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है। ट्रंप 26 अक्टूबर को दो दिवसीय यात्रा पर कुआलालंपुर जाएंगे।
मोदी कुआलालंपुर सम्मेलन में नहीं जाएंगे
पिछले कई दिनों से अटकलें चल रही थीं कि प्रधानमंत्री मोदी कुआलालंपुर सम्मेलन में जाएंगे या नहीं? अब यह लगभग तय हो गया है कि प्रधानमंत्री वहाँ नहीं जाएंगे। इसका मतलब है कि कई विश्व नेताओं से गले मिलने, फ़ोटो खिंचवाने और ख़ुद को विश्वगुरु बताने के कई मौक़े हाथ से निकल गए।
