नेपाल में अंतरिम PM को लेकर आया नया ट्विस्ट, GEN-Z में फूट

नेपाल में चल रहे राजनीतिक उथल-पुथल के बीच एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद अब नेपाल की बागडोर किसके हाथों में जाएगी, ये सवाल बना हुआ है।
अभी तक अंतरिम प्रधानमंत्री के तौर पर सुप्रीम कोर्ट की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की का नाम आगे चल रहा था। ऐसा भी कहा गया कि Gen-Z प्रदर्शनकारियों ने उनके नाम पर मुहर भी लगा दी है, लेकिन अब मामले में नया ट्विस्ट आ गया है।
सुशीला कार्की के नाम पर सहमत नहीं
दरअसल, नेपाल में इस वक्त नई सरकार को लेकर आर्मी हेड क्वार्टर में अहम मीटिंग चल रही है। यहां सेना और Gen-Z के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हो रही है। वार्ता के बीच अब आर्मी हेडक्वार्टर के बाहर Gen-Z युवाओं का प्रदर्शन भी जारी है। इस दौरान उनके बीच ही फूट की खबर सामने आ रही है। युवा प्रदर्शनकारी सुशीला कार्की के नाम पर सहमत नहीं है। उन्होंने अब अंतरिम प्रधानमंत्री के तौर पर कुलमान घीसिंग का नाम आगे किया है।
Gen-Z युवाओं ने जारी की प्रेस रिलीज
युवाओं ने आर्मी हेडक्वार्टर में हो रही बातचीत का विरोध किया और कहा कि मीटिंग में गलत लोगों को बुलाया गया। उन्होंने राष्ट्रपति भवन में बातचीत की मांग की। साथ ही Gen-Z युवाओं की ओर से जारी एक पत्र भी सामने आया। इसमें कहा गया कि अंतरिम मंत्रिमंडल के नेतृत्व के लिए सबसे योग्य और पसंदीदा उम्मीदवार काठमांडू महानगर के मेयर बालेंद्र शाह थे। हालांकि यह स्पष्ट है कि उन्होंने इस प्रक्रिया में कोई रुचि नहीं दिखाई है।”
