विस्थापित बस्ती अंबेडकर नगर में भारी बारिश से तबाही, सड़क और नाला क्षतिग्रस्त – मरम्मत की मांग तेज……

रितेश शर्मा प्रमुख सोनभद्र।
शक्तिनगर/सोनभद्र। विस्थापित बस्ती अंबेडकर नगर में हाल ही की भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। क्षेत्र में स्थित नालों के रिटर्निंग वॉल, पुलिया, सड़क और मकानों को गंभीर क्षति पहुंची है। सड़क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे वाहनों, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीसीएल द्वारा बसाई गई यह बस्ती लगातार उपेक्षा का शिकार है। अब नालों की रिटर्निंग वॉल और पुलिया टूट जाने से पानी का बहाव अनियंत्रित हो गया है, जिससे और भी क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। रास्ता संकरा और दलदल में तब्दील हो चुका है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि एनसीएल खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक को तत्काल निर्देश दिया जाए कि वे क्षतिग्रस्त सड़क, पुलिया और रिटर्निंग वॉल की मरम्मत करवाएं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं की गई, तो क्षेत्र में वाहन, पैदल यात्री और यहां तक कि मवेशियों की जान को भी खतरा हो सकता है।
ग्रामीणों ने यह मुद्दा जनहित से जुड़ा बताते हुए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।
