विंढ़मगंज भारती इंटर कॉलेज का दौरा करने पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक,13 वर्षों से भंग प्रबंध समिति पर जताई चिंता

विंढ़मगंज भारती इंटर कॉलेज का दौरा करने पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक,13 वर्षों से भंग प्रबंध समिति पर जताई चिंता

संवाददाता – अजय गुप्ता

विन्ढमगंज (सोनभद्र)। रेलवे स्टेशन मार्ग पर स्थित भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज की दुर्दशा और वर्षों से लंबित विकास कार्यों को लेकर बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (D.I.O.S.) जयराम सिंह ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। यह दौरा समाजसेवी विनोद सिंह गौड़ द्वारा की गई लिखित शिकायत के आधार पर पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत किया गया।

विद्यालय प्रबंध समिति पिछले 13 वर्षों से भंग पड़ी है, जिस कारण स्कूल में भवनों का रखरखाव, पठन-पाठन की व्यवस्था और छात्रहित से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी हैं। विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जर्जर भवन,चारों ओर फैली झाड़ियाँ और सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर हालात देखे गए।

निरीक्षण के दौरान समाजसेवी अजय गुप्ता ने शिक्षा विभाग और निष्क्रिय प्रबंध समिति पर तीखा सवाल उठाते हुए कहा, “आज प्रदेश और देश में विकास की बात हो रही है, लेकिन विन्ढमगंज का यह ऐतिहासिक विद्यालय 40 साल पुराने भवन में ही संचालित हो रहा है। कुछ भवन गिरने की कगार पर हैं, तो कुछ बेहद खतरनाक स्थिति में हैं। विद्यालय के चारों ओर उगी झाड़ियाँ इसे जंगल में तब्दील कर रही हैं। ऐसी दशा में कोई बड़ा हादसा हो जाए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा — शिक्षा विभाग या निष्क्रिय प्रबंध समिति?”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय की प्रबंध समिति में 80 प्रतिशत सदस्य बाहरी क्षेत्र के हैं, जिनका न तो विद्यालय से कोई लेना-देना है और न ही उनके बच्चे यहां पढ़ते हैं। जबकि शेष 20 प्रतिशत स्थानीय सदस्य भी समिति के कार्य से अनभिज्ञ और निष्क्रिय हैं।

इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा, “प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय और अर्धशासकीय विद्यालयों में जर्जर भवनों को गिराकर नए भवन निर्माण की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। परंतु भारतीय इंटर कॉलेज अर्धशासकीय होने और प्रबंध समिति के 13 वर्षों से भंग रहने के कारण यहां विकास रुका हुआ है। हम प्रयास कर रहे हैं कि प्रबंध समिति का पुनर्गठन हो। यदि यह संभव नहीं हो सका, तो विद्यालय को पूर्ण रूप से सरकारी कराने के लिए उच्चाधिकारियों और मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।”

इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से विनोद सिंह गौड़, अक्षैवरनाथ, शिवकुमार कुशवाहा, प्रभात कुमार, सीताराम, अभिषेक प्रताप सिंह राममूर्ति यादव, राकेश केसरी, शिवनारायण अग्रवाल, अशोक परवाना, किशोर कुमार पटवा, जीतन लाल, नंदकिशोर प्रसाद, विश्वनाथ यादव, शंभूनाथ, रामचंद्र, ओम रावत, लक्ष्मण कुशवाहा, राज नारायण जायसवाल, दीपक कुमार, सुमन कुमार, लवकुश चंद्रवंशी अरविंद गुप्ता जितेंद्र शर्मा संतोष कुमार, गोपीचंद पासवान, सुरेश देहाती, संजय भारती एनुअल सिद्दीकी आदि शामिल रहे।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]