पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा मोहर्रम त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने हेतु जनपद के अधिकारी/कर्मचारीणों व विभिन्न सम्प्रदाय के धर्मगुरुओं के साथ की गयी समन्वय बैठक
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा मोहर्रम त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने हेतु जनपद के अधिकारी/कर्मचारीणों व विभिन्न सम्प्रदाय के धर्मगुरुओं के साथ की गयी समन्वय बैठक

मोहर्रम पर्व पर नई परंपराओं की शुरुआत न करने के लिए दिए गए दिशा निर्देश

आज दिनांक 26.06.2025 को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अशोक कुमार मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मोहर्रम त्यौहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से धर्मगुरुओं, ताजियादारों और अधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम पर्व के दौरान शुद्ध पेयजल, जन स्वास्थ्य सुविधाएं, पार्किंग, बिजली व्यवस्था आदि सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि त्यौहार के आयोजन में किसी प्रकार की समस्या न हो। पुलिस अधीक्षक ने मुस्लिम धर्मगुरुओं और ताजियादारों से वार्ता कर त्यौहार को पुरानी परंपराओं के अनुसार मनाने की अपील की। धर्मगुरुओं ने ताजिया जुलूस के मार्ग, सड़क, नाली और अन्य समस्याओं पर अपने सुझाव जिला प्रशासन के समक्ष रखे, जिन्हें तत्काल अमल में लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशों से अवगत कराते हुए कहा कि मोहर्रम जुलूस में ताजिया और डीजे की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि बिजली के तारों या खंभों से टकराने की संभावना से बचा जा सके। उन्होंने डीजे संचालकों को निर्देश दिए कि निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करें और अश्लील या फूहड़ गाने न बजाएं। साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाहें या आपत्तिजनक पोस्ट से बचने और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की। अनाधिकृत पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) श्री सहदेव कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक(मुख्यालय) श्री अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री त्रिभूवन नाथ त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी दुद्धी श्री निखिल यादव, उप जिलाधिकारी ओबरा श्री विवेक सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह, संबंधित थानों के क्षेत्राधिकारी, धर्मगुरु, ताजियादार और अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
