‘जल्द मर जाएंगे पुतिन.’, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की का चौंकाने वाला दावा, रूसी राष्ट्रपति को बताई ये बीमारी

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और जल्द उनकी मौत हो जाएगी। यह चौंकाने वाला दावा यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने किया है। जेलेंस्की ने यूएस से अपील की है कि जब तक पुतिन जिंदा हैं, तब तक वह उसका मजूबती से साथ दे, ताकि रूस का सामना जंग में किया जा सके।

मंगलवार को काला सागर में अमेरिका की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम के एक दिन बाद यूक्रेनी नेता जेलेंस्की ने फ्रांस के प्रेसिडेंट के साथ मीटिंग की। जेलेंस्की ने दावा किया कि पुतिन यूरोपीय संघ को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। वे जल्द मर जाएंगे और जो भी गतिरोध चल रहे हैं, वे सब समाप्त हो जाएंगे।

जेलेंस्की के दावे के बीच रूसी प्रेसिडेंट की हेल्थ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ब्रिटिश अखबार द सन की रिपोर्ट के अनुसार पुतिन का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। उनको हाल ही में सूजे हुए चेहरे, कांपते हुए देखा गया है। बताया जा रहा है कि उनके पैरों में भी ऐंठन है। अटकलें ये भी लगाई जा रही हैं कि वे जल्द राष्ट्रपति पद को छोड़ सकते हैं। बता दें कि 2022 में भी पुतिन का एक वीडियो सामने आया था। पुतिन को पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु के साथ बैठक के दौरान एक टेबल को पकड़े हुए अपनी कुर्सी पर झुकते देखा गया था।

3 साल से जारी है जंग

बताया जा रहा है कि पुतिन पार्किंसंस रोग से पीड़ित हैं। कुछ रिपोर्ट्स में उनको कैंसर से जूझने का दावा किया गया है। बता दें कि बीते 3 साल से रूस और यूक्रेन के बीच भीषण जंग चल रही है। इस दौरान दोनों तरफ से हजारों सैनिक मारे जा चुके हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई की यूएस पुतिन को बिना शर्त युद्धविराम स्वीकार करने के लिए राजी करेगा। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों भी पुतिन पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि पुतिन युद्धविराम पर बातचीत से पीछे हट रहे हैं।

सीजफायर को लेकर होगी बैठक

मैक्रों ने कहा था कि रूस दावा करता है कि वह शांति का पक्षधर है। इसके बाद भी यूक्रेन में नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। रूस को यह अधिकार नहीं है कि वह यूक्रेन की स्थाई शांति की शर्तें तय करे। गुरुवार को यूरोपीय संघ के नेताओं की रूस-यूक्रेन जंग को लेकर अहम बैठक होनी है। इस बैठक में सीजफायर को लेकर आम सहमति बनाने की कोशिश होगी। यूक्रेन में यूरोपीय संघ के सैनिकों की तैनाती पर भी विचार किया जा रहा है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]