रोहित शर्मा रणजी ट्रॉफी में लगातार दूसरी बार फेल, इस बार राहुल द्रविड़ के गेंदबाज ने किया ढेर

रोहित शर्मा का खराब दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. इंटरनेशनल क्रिकेट में फेल होने के बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट के जरिए वापसी करने के बारे में सोचा. लेकिन यहां भी उनका बल्ला नहीं चल रहा है.
रणजी ट्रॉफी की पहली दोनों ही पारियों में वो बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में उमर नजीर के खिलाफ वो मजबूर नजर आए थे और महज 3 रन बनाकर आउट हो गए थे. वहीं दूसरी पारी में राजस्थान रॉयल्स के एक गेंदबाज ने उनका शिकार कर लिया, जिसके कोच राहुल द्रविड़ हैं. ये गेंदबाज हैं युद्धवीर सिंह, जिन्होंने रोहित को शॉर्ट ऑफ गुड लेंथ गेंद पर फंसाया. बता दें राजस्थान की टीम ने आईपीएल 2025 के लिए उन्हें 35 लाख में खरीदा है. इससे पहले वो लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे.
रोहित ने बनाए 28 रन
रोहित शर्मा लगातार दूसरी बार रणजी ट्रॉफी में फेल हो गए. जम्मू-कश्मीर के खिलाफ दूसरी पारी में उन्होंने अच्छी शुरुआत की थी. वो 35 गेंदों का सामना कर चुके थे और 3 छक्के और 2 चौके जड़ चुके थे. लेकिन इसके बाद आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने वाले युद्धवीर सिंह ने उन्हें आउट कर दिया. रोहित ने आक्रामकता दिखाने की कोशिश की और एक बड़ी शॉट खेलने के चक्कर में कैच थमा बैठे. शॉट मारते वक्त उनका बल्ला घूम गया और सर्किल के अंदर मिड ऑन पर कैच आउट हो गए.
यशस्वी जायसवाल भी रहे नाकाम
रोहित शर्मा के ओपनिंग जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल भी रणजी ट्रॉफी की दोनों पारियों में कोई कमाल नहीं दिखा सके. उनका बल्ला भी खामोश रहा. पहली पारी के दौरान यशस्वी ने जहां 4 रन बनाए थे, वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 51 गेंद में 26 रन की पारी खेली. क्रीज पर जमने के बाद वो भी युद्धवीर सिंह की गेंद पर आउट हो गए. युद्धवीर ने 6 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए हैं.
मुश्किल में मुंबई की टीम
मुंबई की टीम पहली पारी में 120 रन ही बना सकी थी. इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर ने 206 रन बनाकर 86 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी. मुकाबले के दूसरे दिन मुंबई दोबारा बैटिंग करने उतरी और इस बढ़त को पूरा करने में ही अपने 5 विकेट गंवा दिए. इससे मुंबई की टीम मुश्किल में आ गई है और उस पर हार का खतरा मंडराने लगा है. हार्दिक तमोरे 5 गेंद में 1 रन, और श्रेयस अय्यर ने 16 गेंद में 17 रन बनाए. वहीं शिवम दुबे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. पहली पारी में भी वो जीरो पर आउट हो गए थे.
