गाजा पट्टी में हुए इजरायली हवाई हमलों में पांच बच्चों समेत कम से कम 20 लोगों की जान चली गई

गाजा पट्टी में रविवार को हुए इजरायली हवाई हमलों में पांच बच्चों समेत कम से कम 20 लोगों की जान चली गई। फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, ये हमले गाजा शहर, दीर अल-बला और खान यूनिस सहित कई इलाकों में हुए।गाजा में सिविल डिफेंस के मुताबिक, एक स्कूल पर हुए हमले में आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। यह स्कूल विस्थापितों के लिए आश्रय स्थल के रूप में इस्तेमाल हो रहा था। वहीं, दीर अल-बला में एक घर पर हुए हमले में तीन महिलाओं और दो बच्चों सहित आठ लोगों की जान चली गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी जानकारी गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि एक कार में विस्फोट के दौरान भी दो लोगों की मौत हुई। इजरायली सेना ने इन हमलों पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, उनका कहना है कि उनके हमलों का लक्ष्य केवल हमास के ठिकानों और आतंकियों को निशाना बनाना है। इसके बावजूद, इन बमबारी में बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएं और बच्चे मारे जा रहे हैं।
क्रिसमस प्रार्थना के बीच गूंजी ड्रोन की आवाज गाजा में क्रिसमस से पहले की प्रार्थना सभा के दौरान भी तनाव का माहौल बना रहा। वेटिकन के दूत कार्डिनल पियरबटिस्टा पिज्जाबल्ला को गाजा में प्रवेश की अनुमति दी गई, जहां उन्होंने होली फैमिली चर्च में प्रार्थना की। चर्च में ‘क्रिसमस ट्री’ को रोशनी से सजाया गया था।
इस दौरान प्रार्थना सभा में इजरायली ड्रोन की आवाज़ें लगातार गूंजती रहीं। यह यात्रा पोप फ्रांसिस की इजरायली हमलों की आलोचना के एक दिन बाद हुई।पोप फ्रांसिस ने गाजा में हो रही बमबारी को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए इसे नरसंहार मानने की जांच का आह्वान किया है। एमनेस्टी इंटरनेशनल और ह्यूमन राइट्स वॉच ने भी इन हमलों की निंदा की है। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय न्यायालय इस बात की जांच कर रहा है कि क्या गाजा में इजरायली कार्रवाई को नरसंहार की श्रेणी में रखा जा सकता है।
