बुमराह ने आकाश दीप को ज्यादा उत्साहित नहीं होने की दी थी सलाह

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिसबेन टेस्ट की पहली पारी में अच्छी गेंदबाजी नहीं की थी और महंगे रहे थे। 28 वर्षीय इस गेंदबाज ने खुलासा किया है कि बुमराह की इस छोटी सलाह ने उनके पहले ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर उनकी काफी मदद की है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा।
आकाश दीप बोले – बुमराह की सलाह से मदद मिली
आकाश दीप ने अभ्यास सत्र के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, यह मेरा पहला ऑस्ट्रेलिया दौरा है। बुमराह भाई ने मुझे छोटी सलाह दी थी जिसने मेरी मदद की। वह कभी भी किसी चीज को जटिल नहीं बनाते। उन्होंने मुझसे कहा कि अति उत्साहित मत हो, अनुशासन में रहो क्योंकि यहां की पिच में तेज गेंदबाजों के लिए काफी कुछ है। उसी तरह गेंदबाजी करने पर ध्यान दो जैसा भारत में करते हो।
‘ऑस्ट्रेलिया में मदद मिलती है’
आकाश दीप ने ब्रिसबेन टेस्ट में तीन विकेट लिए थे और बुमराह के साथ मिलकर पहली पारी में अंतिम विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी की थी। आकाश ने कहा, ऑस्ट्रेलिया में गेंदबाजी करना कठिन है। मैं सिर्फ भारत में ही खेला हूं। घरेलू मैदान पर तेज गेंदबाजों को कम मदद मिलती है और हम अपनी लेंथ शॉट रखते हैं। ऑस्ट्रेलिया में आपको मदद मिलती है, विशेषकर नई गेंद से। कई बार जब अच्छी गेंदबाजी कर रहे होते हो तो आप बल्लेबाज को पछाड़ने में सफल हो जाते हो। तेज गेंदबाज के तौर पर आपको अनुशासन में रहना होता है।
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने आकाश दीप की सराहना की थी और उन्हें प्रतिभाशाली गेंदबाज कहा था। आकाश ने कहा, जब मैं स्मिथ को लगातार परेशान कर रहा था, लेकिन उनका विकेट नहीं ले पा रहा था तो मुझे अपनी किस्मत पर गुस्सा आ रहा था। कई बार ऐसा होता है कि आपको विकेट नहीं मिलता, ये ऐसी चीज है जो आपके नियंत्रण में नहीं है। आपको बस सही क्षेत्र में गेंदबाजी करनी है। हमें सिर्फ प्रक्रिया पर भरोसा करना है। मैं अच्छी गेंदबाजी कर सकता हूं, अपनी रणनीति को अमल कर सकता हूं, लेकिन विकेट के पीछे नहीं भाग सकता। विकेट लेने से ज्यादा मैं अपनी गेंदबाजी का आनंद लेता हूं।
